आपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति को देखा : मोदी

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की सेना ने आतंकियो के आकाओं के घर में जाकर जिस प्रकार का सफल अभियान चलाया उससे पूरी दुनिया ने देश की सैन्य शक्ति और सैन्य सामर्थ्य को देखा है। पीएम मोदी ने मानसून सत्र शुरू होने से पहले आज संसद परिसर में कहा कि यह सत्र एक विजयोत्सव है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति और सैन्य के सामर्थ्य का रूप देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सेना ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था उसे सौ फीसदी हासिल किया। आतंकियों के आकाओं के घर में जाकर 22 मिनट के भीतर ऑपरेशन सिंदूर के तहत उसको जमींदोज कर दिया गया। मैंने बिहार के कार्यक्रम में इसकी घोषणा की थी कि हमारी सैन्य शक्ति ने बहुत ही कम समय में सिद्ध करके दिखा दिया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के दौरान मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के ये नये स्वरूप पर दुनिया आकर्षित हुई है।

उन्होंने कहा कि पहलगाम की क्रूर हत्या, अत्याचार नरसंहार पूरी दुनिया चौंक उठी। आतंकवादी और आतंकवादियों के आकाओं की तरफ दुनिया का ध्यान केंद्रित हुआ और उस समय दलहित छोड़कर देशहित में हमारे ज्यादातर दलों के प्रतिनिधियों ने विश्व भ्रमण किया। दुनिया के अनेक देशों में गए और एक स्वर से दुनिया के सामने आतंकवादियों के आका पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक बहुत सफल अभियान चलाया। राष्ट्रहित में किए गए इस अहम कार्य के लिए मैं उन सभी सांसदों और दलों की सराहना करना चाहता हूं और इसने देश में एक सकारात्मक वातावरण पैदा किया।

उन्होंने कहा कि मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है। अब तक जो खबरें मिली हैं देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। कृषि को लाभदायक मौसम की खबरें हैं। बारिश को लेकर जो अब तक जानकारी मिली है उसके हिसाब से पानी का भंडार इस बार करीब करीब तीन गुना अधिक हुआ है। इसका आने वाले दिनों में देश के अर्थतंत्र को काफी लाभ होगा। पीएम मोदी ने कहा कि ये सत्र राष्ट्र के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण सत्र है। ये मानसून सत्र राष्ट्र के लिए अपने आप में विजयोत्सव का रूप है और जब मैं कहता हूं कि ये सत्र राष्ट्र गौरव और विजयोत्सव का सत्र है तो सबसे पहले मैं पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का तिरंगा झंडा वहां लहराना यह हर देशवासी के लिए गौरव के पल हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में विज्ञान तकनीक के प्रति नवाचार के प्रति नया उमंग और उत्साह भरने वाली ये सफल यात्रा रही है। पूरी संसद लोकसभा, राज्यसभा में इसका यशगान होगा जिस गौरव का अनुभव देशवासी कर रहे हैं। उसमें एक स्वर से जुड़ेंगे एक स्वर से इसका यशगान होगा जो भारत को अंतरिक्ष में नई ऊंचाई पर पहुंचाने वाले जो भावी कार्यक्रम है उनके लिए भी प्रेरक बनेगा।

उन्होंने कहा कि देश कई प्रकार की हिंसक वारदातों का लंबे अरसे से शिकार रहा है। देश जब आजाद हुआ तबसे इसे झेल रहा है। आतंकवाद हो या फिर नक्सलवाद हो लेकिन आज नक्सलवाद का दायरा बहुत तेजी से सिकुड़ रहा है। देश के सुरक्षाबल एक नए आत्मविश्वास से तेज गति से सफलता की ओर कदम रख रहे हैं। मैं गर्व से कह सकता हूं कि देश में सैकड़ों जिले नक्सल की चपेट में से निकलकर आज मुक्ति की सांस ले रहे हैं। हमें गर्व है कि बम बंदूक और पिस्तौल के सामने हमारा देश का संविधान जीत रहा है, हमारे देश का संविधान विजयी हो रहा है, देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए साथ दिख रहा है कि कल तक जो रेड कॉरिडोर थे वो आज ग्रीन जोन में परिवतर्तित होते नजर आ रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles