महिला आरक्षण को लेकर सपा सांसद के आवास पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

फिरोजाबाद, 10 मई (वेब वार्ता)। महिला आरक्षण और नारी शक्ति वंदन योजना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच रविवार को फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी सांसद अक्षय यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा ने समाजवादी पार्टी पर महिला विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया।

भाजपा महिला मोर्चा की विधानसभा संयोजक दुर्गेश यादव और शिकोहाबाद विधानसभा संयोजक नीता धनगर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सांसद आवास के बाहर पहुंचीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए। तख्तियों पर “महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “नारी शक्ति का विरोध बंद करो” और “महिला विरोधी सोच मुर्दाबाद” जैसे संदेश लिखे हुए थे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है, लेकिन विपक्ष केवल राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर रहा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उनका कहना था कि नारी शक्ति वंदन योजना महिलाओं को नई पहचान और सम्मान देने का कार्य करेगी।

महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल लंबे समय से महिलाओं के अधिकारों को सीमित रखने की राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर विरोध करना महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी के खिलाफ मानसिकता को दर्शाता है।

प्रदर्शन के दौरान तेज गर्मी और धूप को देखते हुए समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के लिए शीतल जल की व्यवस्था भी की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कदम स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से बचाव के लिए उठाया गया था।

मौके पर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। सांसद आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी और पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर डॉ. अनुपम शर्मा, नीलम दिवाकर, रामनरेश कटारा और भाजपा नगर अध्यक्ष शिवम शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles