दिल्ली में लागू हुई महिला समृद्धि योजना, कैबिनेट ने लगाई मुहर, कब शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये देने वाली ‘महिला समृद्धि योजना’ लागू हो गई है। इसका ऐलान शनिवार को महिला दिवस के मौके पर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैबिनेट से इस योजना को मंजूरी मिल गई है। यह दिल्ली में तुरंत लागू होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में आने से पहले कैबिनेट बैठक में योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये की निधि को मंजूरी दी है। योजना का ऐलान हो चुका है, हालांकि रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है।

जल्द लॉन्च होगा पोर्टल

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज महिला दिवस का सुंदर अवसर है। इसे ध्यान में रखते हुए कैबिनेट बैठक में महिला समृद्धि योजना जिसका हमने वादा किया था उसे अप्रूव कर दिया है। सरकार ने योजना के लिए बजट में 5100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। दिल्ली की गरीब बहनों को योजना का लाभ मिले इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी की मैं अध्यक्ष हूं। इसमें और कपिल मिश्रा, आशीष सूद और प्रवेश वर्मा भी हैं। जल्द ही एक पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। योजना से संबंधित टर्म्स एंड कंडीशन जारी करेंगे। महिलाओं की सुरक्षा और समृद्धि दोनों सरकार करेगी।

17-18 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

दिल्ली में योजना का लाभ 17-18 लाख महिलाओं को मिलेगा। एक परिवार की एक ही महिला इसकी पात्र होंगी। उम्मीद है कि अप्रैल से लाभार्थी महिलाओं को पैसे मिलने लगेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजना का ड्राफ्ट बना लिया है। दिल्ली चुनाव के दौरान भाजपा ने महिलाओं को 2500 रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। सरकार गठन के बाद इसे लेकर काम शुरू हो गया था। सीएम रेखा ने कैबिनेट की पहली बैठक में इसपर चर्चा की थी।

क्या है न्यूनतम उम्र

दिल्ली में 21-60 वर्ष आयु वर्ग की वे महिलाएं जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है, उन्हें योजना प्रस्ताव के तहत 2,500 रुपये की मासिक सहायता मिलेगी। यदि किसी महिला को पहले से किसी योजना का लाभ मिल रहा है तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा परिवार की एक ही महिला इसकी पात्र होगी। पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने हाल ही में कहा था कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आठ मार्च से शुरू होगी। हालांकि आज इसका ऐलान नहीं किया गया। माना जा रहा है कि जल्द ही योजना को लेकर पंजीकरण शुरू होगा।

कौन से दस्तावेज हैं जरूरी

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदनकर्ता के पास आधार कार्ड, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय का सर्टिफिकेट और मोबाइल नंबर जैसी चीजें होनी चाहिए। पोर्टल को आधार से लिंक किया जाएगा। ऐसे में किसी भी तरह की गलत जानकारी देने वालों की एप्लीकेशन कैंसिल कर दी जाएगी। अगर आप किसी अन्य राज्य की निवासी हैं तो आपको कम से कम पांच साल से दिल्ली का निवासी होना चाहिए, तभी योजना का लाभ मिलेगा। आपके पास अपने नाम से बैंक खाता होना चाहिए, जो आधार कार्ड से लिंक हो।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img