गन्नौर/सोनीपत, रजनीकांत चौधरी (वेब वार्ता)। हलका विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि गन्नौर क्षेत्र को विकास के मामले में प्रदेश का सबसे बेहतरीन विधानसभा क्षेत्र बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र में क्षेत्र की हर समस्या और मांग को संबंधित मंत्री और मुख्यमंत्री के सामने रखा है। इससे जल्द ही क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।
मंगलवार को जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक ने गढ़ी झंझारा, जफरपुर, भौरा, खेड़ी गुर्जर, बिलंदपुर, अहीर माजरा, कैलाना और एमपी माजरा गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही विधानसभा चुनाव में मिले आशीर्वाद के लिए जनता का आभार जताया।
कार्यक्रम में गांवों के मुखियाओं ने विधायक को मांग पत्र सौंपे। इनमें लाइब्रेरी, व्यायामशाला, रास्तों का निर्माण, चौपाल, इंडोर जिम, सरकारी स्कूल में कमरे, कम्युनिटी सेंटर, पार्क और आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण की मांग की गई। अहीर माजरा गांव से गुजर रही ड्रेन नंबर 6 की सफाई न होने से गंदगी फैली है। ग्रामीणों ने इस बारे में विधायक को जानकारी दी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि ड्रेन नंबर 6 की सफाई करवाई जाएगी।
विधायक ने कहा कि पहले एक साल में जनता को काम होते हुए नजर आएगा। उन्होंने सरपंच द्वारा गांव में लाइब्रेरी की मांग को सराहा। कहा कि आज की जरूरत के हिसाब से लाइब्रेरी खुलनी चाहिए। इससे युवाओं को सही मार्गदर्शन मिलेगा और वे गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि शहर में बंद पड़े बस अड्डे को नया रूप देने के लिए परिवहन विभाग और पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव पास करवा लिया गया है। बस अड्डा हाईवे पर है, इसलिए इसे आधुनिक बनाया जाएगा। यहां कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है, जिससे सरकार की आमदनी बढ़ेगी। उम्मीद है कि जल्द ही बस अड्डे के निर्माण कार्य के लिए टेंडर लग जाएगा। इस मौके पर पंचायती राज एसडीओ विपुल छौक्कर, जेई उमेश, पंचायत सेक्रेटरी अनिल कादियान, सरपंच मंजीत कुमार, कर्मबीर उर्फ कर्मा, नरेंद्र यादव, मेहर सिंह, कमल, रियासत अली, सुखबीर प्रजापति, राजेन्द्र बाबर, मौजी राम, जगदीश, रावत फौजी, नफे सिंह, महिपाल शर्मा सरपंच, प्रेम, नीरज, सुमित, श्रीकांत, रमेश, जीत, दलबीर आदि मौजूद रहे।
शहर में बंद पड़े बस अड्डे को नया रूप देने के लिए परिवहन विभाग और पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव पास करवा लिया गया: विधायक देवेंद्र कादियान







