आज जयपुर में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी सोनिया गांधी : सूत्र

- Advertisement -

नई दिल्ली कांग्रेस सांसद और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का राज्यसभा जाना लगभग तय हो गया है। एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सोनिया गांधी राजस्थान से पार्टी की राज्यसभा उम्मीदवार होंगी। वह बुधवार को जयपुर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। बताया जा रहा है कि नामांकन दाखिल करते वक्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी सोनिया गांधी के साथ मौजूद रह सकते हैं।

पहली बार राज्यसभा जाएंगी सोनिया गांधी

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी साल 1999 से लगातार लोकसभा की सदस्य हैं। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। आपको बता दें कि ये पहली बार होगा कि वह राज्यसभा जाएंगी। इससे पहले गांधी परिवार से पूर्व पीएम इंदिरा गांधी 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं।

राजस्थान में क्या है राज्यसभा का समीकरण

राज्यसभा के लिए राजस्थान की 3 सीटों पर चुनाव होना है। राज्य में विधानसभा की वर्तमान परिस्थिति को देखें तो एक सीट पर कांग्रेस और 2 सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। प्रत्याशियों की संख्या तीन से ज्यादा हुई तो मतदान प्रक्रिया अपनाई जाएगी अन्यथा तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे। भाजपा ने राजस्थान से चुन्नीलाल गरासिया व मदन राठौड़ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस से सोनिया गांधी का नाम तय माना जा रहा है।

रायबरेली से कौन लड़ेगा?

भारत में कुछ ही समय में लोकसभा चुनाव भी आयोजित किए जाने हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की तारीखें जल्द घोषित की जा सकती हैं। सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने से ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि वह लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि रायबरेली सीट से कौन लड़ेगा। ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव में रायबरेली से दावेदारी ठोक सकती हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img