देहरादून, 29 मार्च (वेब वार्ता)। देहरादून एयरपोर्ट पर आज से यात्रियों के लिए ‘डिजी यात्रा’ सेवा शुरू हो गई है, जिससे हवाई यात्रा अब और अधिक आसान और तेज हो जाएगी। इस सुविधा का शुभारंभ केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने राजकोट एयरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम से किया।
मंत्री ने कहा कि यह पहल पेपरलेस यात्रा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और एयरपोर्ट पर लंबी कतारों से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि देश के कुल आठ हवाई अड्डों पर इस सुविधा की शुरुआत की गई है।
‘डिजी यात्रा’ के तहत यात्रियों को पहले मोबाइल अनुप्रयोग डाउनलोड करना होगा, जिसमें आधार, मोबाइल नंबर और यात्रा से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद यात्री डिजी गेट पर केवल अपना चेहरा दिखाकर सीधे प्रवेश कर सकेंगे, जिससे पहचान और बोर्डिंग प्रक्रिया बेहद सरल हो जाएगी।
देहरादून एयरपोर्ट पर इस सुविधा के साथ-साथ अन्य आधुनिक सुविधाओं का भी शुभारंभ किया गया है, जिनमें फ्लाईब्रेरी, नि:शुल्क वाईफाई और बच्चों के लिए विशेष खेल क्षेत्र शामिल हैं। वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के 57 एयरपोर्ट इस पहल से जुड़े, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न सेवाओं का विस्तार किया गया।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब यात्रियों को सुरक्षा जांच और प्रवेश के लिए लंबी लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। ‘डिजी यात्रा’ के जरिए चेहरा पहचान प्रणाली से त्वरित प्रवेश संभव होगा, जिससे यात्रा का अनुभव अधिक सहज और आधुनिक बनेगा।



