कानपूर, 02 अप्रैल (वेब वार्ता)। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। बढ़े हुए बिल और लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों ने सब स्टेशन पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने समय पर बिल का भुगतान भी किया, इसके बावजूद उनके घरों की बिजली काट दी गई, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
शिकायतों पर नहीं हो रही सुनवाई
आक्रोशित उपभोक्ताओं का कहना है कि वे अपनी शिकायतों को लेकर कई दिनों से कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली विभाग द्वारा जारी टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने की कोशिश भी बेकार साबित हुई, जहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पुराने मीटर लगाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर फिर से पुराने मीटर लगाए जाएं। उनका कहना है कि नए सिस्टम में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
हंगामे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया और उनकी शिकायतों के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।



