-राम निवास शर्मा
शाहजहांपुर, 26 मार्च (वेब वार्ता)। नगर निगम कार्यालय के बाहर काकोरी कांड के अमर नायकों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद मचे हंगामे और मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद बृहस्पतिवार सुबह प्रतिमाओं को पुनर्स्थापित कर दिया गया। इस दौरान महापौर अर्चना वर्मा, नगर आयुक्त, पार्षदों और अन्य लोगों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर फूलमालाएं चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बुलडोजर से तोड़ी गई थीं प्रतिमाएं
टाउन हॉल स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर पं. रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां और स्वतंत्रता सेनानी रामकृष्ण खन्ना की प्रतिमाएं स्थापित थीं। प्रतिमास्थल और तिराहे के सुंदरीकरण के लिए नगर निगम ने 40 लाख रुपये का ठेका मै. फ्लाई इंफ्राटेक को दिया था। आरोप है कि 22 मार्च की रात फर्म ने बुलडोजर से प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया।
विरोध के बाद सरकार सख्त
अमर शहीदों के अपमान की खबर फैलते ही शहर में आक्रोश फैल गया। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो इंजीनियर निलंबित, फर्म पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम के निर्माण विभाग के एई मनोज कुमार और जेई प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया। साथ ही संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई है। मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी की ओर से थाना सदर बाजार में फर्म के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
श्रद्धांजलि देकर जताया सम्मान
प्रतिमाओं की पुनर्स्थापना के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि शहीदों के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



