गैसड़ी/बलरामपुर, 08 अप्रैल (कमर खान)। जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत मदरसा एदारा कुल्लिया जोहरा डालपुर बकौली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय तथा क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष दुर्विजय थाना गैसड़ी के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने मदरसे में पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया।
कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक गुलाब शाही, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, महिला कांस्टेबल अमित तथा कांस्टेबल प्रभा सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना और विधवा पेंशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को महिला अपराध, घरेलू हिंसा और लैंगिक उत्पीड़न जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा टीम ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी स्थिति में एक बार प्रयोग होने वाला कूट साझा न करें, लकी ड्रा के नाम पर आने वाले झांसे से बचें, संदिग्ध दृश्य वार्ता से दूरी बनाए रखें तथा बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति को न दें। पेंशन से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों से भी सावधान रहने को कहा गया।
कार्यक्रम में आपातकालीन सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इसमें महिला सुरक्षा सेवा 1090, उत्तर प्रदेश आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 और 108, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930/155260 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना और महिलाओं तथा बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और पुलिस का सहयोग करें।



