लखीमपुर में किशोर की गोली लगने से मौत, दोस्तों पर गंभीर आरोप

लखीमपुर खीरी, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)। लखीमपुर खीरी में 17 वर्षीय किशोर अंश कुमार झा की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने दो नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार अंश 30 मार्च की शाम अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात फोन पर उसने बताया कि वह लखनऊ गया है, लेकिन अगले दिन उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती बताया गया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद दोस्तों और डॉक्टरों ने सही जानकारी छुपाई और पहले बताया कि वह पटाखे से घायल हुआ है। बाद में लखनऊ ले जाने पर जांच में सामने आया कि अंश के पेट में गोली लगी है। इलाज के दौरान 2 अप्रैल की सुबह उसकी मौत हो गई।

परिवार का कहना है कि यदि समय पर सही जानकारी मिल जाती तो अंश की जान बचाई जा सकती थी। मृतक के चाचा ने दोस्तों पर अपहरण, हत्या और साक्ष्य छुपाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने शुभम और नितिन को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles