अलीगढ़, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)। आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी पर नजर रख रही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गूलर रोड निवासी एक बुकी को दोबारा गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में सट्टेबाजी से जुड़े साक्ष्य, नकदी और जेवर बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विपिन वार्ष्णेय के पास से 1.74 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये के जेवर मिले हैं। इसके अलावा 250 से अधिक फंटरों को सट्टा खिलाने के प्रमाण भी हाथ लगे हैं।
मोबाइल और डायरी में मिले सबूत
तलाशी के दौरान पुलिस को डायरी, पर्चियां और मोबाइल फोन से सट्टे के लेनदेन के अहम साक्ष्य मिले हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल एप के जरिए लोगों को सट्टा खिलवाता था। बताया जा रहा है कि कई लोगों ने रुपये के बदले अपने जेवर गिरवी रखकर सट्टा लगाया था।
हर महीने लाखों का खेल
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक महीने में करीब 50 लाख रुपये तक का सट्टा लगवाता था। वह करीब 250 लोगों को चार प्रतिशत कमीशन पर इस धंधे से जोड़कर ऑनलाइन सट्टेबाजी करवा रहा था। पुलिस को उसके मोबाइल में विभिन्न आईडी और पासवर्ड के जरिए चलाए जा रहे कई एप्लीकेशन भी मिले हैं।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे सट्टेबाजी के लिए आईडी एक अन्य व्यक्ति ‘काका’ द्वारा उपलब्ध कराई जाती थी, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार, आरोपी पहले भी सट्टेबाजी के मामले में पकड़ा जा चुका है। इस बार भी उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे अंतरिम जमानत मिल गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।



