हरदोई, लक्ष्मीकान्त पाठक | वेब वार्ता
जनपद हरदोई में पशु चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हरपालपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने चोरी की एक भैंस, 80 हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त पिकअप डाला तथा अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
भैंस चोरी की सूचना पर शुरू हुआ चेकिंग अभियान
थाना हरपालपुर पुलिस टीम द्वारा जनपद में घटित पशु चोरी की विभिन्न घटनाओं से संबंधित 03 शातिर पशु तस्कर अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ में एक चोरी की भैंस, 80000/- रुपये नगदी, चोरी का पिकअप डाला व अवैध शस्त्रों सहित गिरफ्तार करने के सम्बन्ध में- pic.twitter.com/CRHXMTZiox
— Hardoi Police (@hardoipolice) February 1, 2026
पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2026 की रात लगभग एक बजे थाना सवायजपुर क्षेत्र में भैंस चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही जिले के सभी थानों को अलर्ट करते हुए सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी क्रम में थाना हरपालपुर पुलिस टीम ग्राम उड़ी के निकट गंगा एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
चेकिंग के दौरान एक पिकअप डाला आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पीछा किए जाने पर पिकअप में सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल समेत तीन अभियुक्त गिरफ्तार
घायल अभियुक्त की पहचान गुलशेर पुत्र टेनी, निवासी ग्राम धुमरी, थाना जैथरा, जनपद एटा के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार किए गए अन्य अभियुक्तों में गिरधारी पुत्र दुसौधी, निवासी ग्राम लंगड़ा सुन्दर, बंजारा थाना नारकी, जनपद फिरोजाबाद तथा भोला पुत्र कोमिल, निवासी ग्राम धुमरी, थाना जैथरा, जनपद एटा शामिल हैं।
भैंस, नकदी, चोरी का वाहन और हथियार बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, 80 हजार रुपये नकद, एक चोरी का टाटा पिकअप डाला, दो तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
दिन में रेकी, रात में करते थे पशु चोरी
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दिन के समय पशुओं की रेकी करते थे और रात में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद पिकअप डाला 31 जनवरी 2026 को थाना लोनार क्षेत्र से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। अभियुक्तों ने हरपालपुर, कछौना, लोनार और सवायजपुर थाना क्षेत्रों में पशु चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता भी स्वीकार की है।
- पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़
- तीन अभियुक्त गिरफ्तार, एक घायल
- भैंस, नकदी, हथियार और चोरी का वाहन बरामद
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 305(2) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस साहसिक कार्रवाई में थाना हरपालपुर पुलिस के साथ एसओजी टीम की भी अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और साहस की सराहना की है।
👉 हरदोई समेत यूपी की क्राइम खबरों के लिए Web Varta WhatsApp चैनल फॉलो करें
ये भी पढ़ें: हरदोई: रेलवे लाइन किनारे झपटमारी करने वाला आरोपी दबोचा गया, सोने-चांदी के आभूषण बरामद








