हरदोई, लक्ष्मीकांत पाठक | वेब वार्ता
जनपद हरदोई के थाना कोतवाली हरपालपुर क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में रविवार को पंचायत राजनीति ने ऐसा रूप लिया कि सगे रिश्ते ही खून से रंग गए। चुनावी रंजिश के चलते वर्तमान ग्राम प्रधान आरती सिंह के पति सोमेंद्र सिंह ने अपने ही सगे चाचा अशोक सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
फर्जी वोटों की शिकायत बनी हत्या की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अरविंद कुमार ने पंचायत चुनाव में लगभग 150 फर्जी वोटों की शिकायत निर्वाचन आयोग में दर्ज कराई थी। जांच के लिए कानूनगो राजेश शुक्ला एवं क्षेत्रीय लेखपाल रामवीर सिंह रविवार को गांव पहुंचे थे।
इसी दौरान जांच स्थल पर प्रधानपति सोमेंद्र सिंह का शिकायतकर्ता अरविंद कुमार से विवाद हो गया। आरोप है कि सोमेंद्र सिंह ने शिकायत से संबंधित दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए और अरविंद कुमार को धमकी दी।
चाचा पर हमला, अस्पताल में तोड़ा दम
बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद जब अरविंद कुमार अपने पिता अशोक सिंह के साथ कोतवाली हरपालपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में सोमेंद्र सिंह और उसके भाई रामेंद्र सिंह ने उन पर हमला कर दिया। दोनों ने लाठी-डंडों से अशोक सिंह की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने लिया मौके का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
एएसपी मार्तण्ड प्रकाश ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।
- अर्जुनपुर गांव में प्रधानपति ने सगे चाचा की पीट-पीटकर हत्या की।
- फर्जी वोटों की शिकायत पर भड़की पंचायत रंजिश बनी वजह।
- घटना से गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात।
- अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा – दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई।
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पंचायत चुनाव की रंजिशें गांवों में सामाजिक सौहार्द को किस हद तक प्रभावित कर रही हैं।
👉 हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0: हरदोई में 10 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित




