हरदोई, लक्ष्मीकांत पाठक | वेब वार्ता
हरदोई की प्रतिष्ठित लेखिका माधुरी के साहित्यिक योगदान को सम्मान देने का एक गरिमामय समारोह नई दिल्ली चाणक्यपुरी स्थित राजभवन कैंप कार्यालय में आयोजित हुआ। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने लेखिका के नए उपन्यास ‘द शैडो ऑफ लव’ का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत माधुरी के कविता-पाठ से हुई, जिसकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राज्यपाल डॉ. बोस ने माधुरी की रचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लेखनी में संवेदना और विचारों की स्पष्टता पाठकों से सीधा संवाद स्थापित करती है। उपन्यास का अनावरण करते हुए उन्होंने कहा, “यह कृति सांसारिक और आध्यात्मिक प्रेम के द्वंद्व को प्रभावशाली ढंग से चित्रित करती है। यह पठनीय और आत्ममंथन के लिए प्रेरित करने वाली पुस्तक है।”
स्वयं एक लेखक होने के नाते राज्यपाल ने रचनाकार की यात्रा साझा की और माधुरी को अपनी पुस्तक ‘मूल से फूल तक’ भेंट की। साहित्य के प्रति माधुरी के समर्पण को देखते हुए राज्यपाल ने बड़ा प्रस्ताव रखा—माधुरी की आगामी पुस्तक का प्रकाशन राजभवन, कोलकाता की ओर से किया जाएगा।
कार्यक्रम में सह-लेखक प्रवीण सिंह को भी सम्मानित किया गया। समापन राज्यपाल के भतीजे किरण बोस के मधुर गीतों से हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत देव, राणा, विशेष कार्य अधिकारी संदीप राजपूत सहित साहित्य जगत के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन हिंदी और अंग्रेजी साहित्य के समन्वय के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। हरदोई की बेटी माधुरी का यह सम्मान जनपद के लिए गौरव की बात है।








