गैसड़ी/बलरामपुर, कमर खान | वेब वार्ता
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गैसड़ी में विगत दिनों आयोजित राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ में श्रमदान एवं योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान हेतु 31 जनवरी को अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महायज्ञ को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं के त्याग, सेवा और समर्पण को सम्मानित करना रहा।
देव पूजन व प्रज्ञा गीत से हुआ शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ राधे श्याम गुप्ता ने सपत्नी देव पूजन के साथ किया। इसके पश्चात परिव्राजक रामकुमार जी द्वारा मातृ वंदना एवं प्रज्ञा गीत प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति भाव का संचार हुआ।
कार्यकर्ता संगठन की आत्मा होते हैं
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक गुलाबचंद भारती ने कहा कि यह अभिनंदन समारोह सभी कार्यकर्ता बंधुओं के त्याग, समर्पण और सेवा भाव का सम्मान है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कर्मठ कार्यकर्ता होते हैं, जिनके बल पर संगठन के कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होते हैं।
2026 शताब्दी वर्ष की दी जानकारी
गायत्री परिवार के जिला संयोजक सत्यप्रकाश शुक्ल ने बताया कि वर्ष 2026 गायत्री परिवार के लिए विशेष महत्व का वर्ष है। यह वर्ष परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष, शांतिकुंज में अखंड दीपक के शताब्दी वर्ष तथा परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना शताब्दी का वर्ष है।
उन्होंने बताया कि इन्हीं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 15 व 16 फरवरी को शांतिकुंज से ज्योति कलश रथ यात्रा गैसड़ी पहुंचेगी, जिसे ग्राम-ग्राम तक ले जाने का आह्वान किया गया।
सैकड़ों कार्यकर्ता हुए सम्मानित
अभिनंदन समारोह में सचिन सोनी, बैजनाथ जायसवाल, विजय गुप्ता, मदन जायसवाल, रामदीन वर्मा, प्रिंस वर्मा, शिवानी चौधरी, नंदकिशोर जायसवाल, कपिल जायसवाल, माता प्रसाद कशोधन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता बंधुओं व सहयोगियों को गायत्री मंत्र की पट्टिका एवं तिलक-चंदन लगाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ, जनपद बलरामपुर के प्रभारी संदीप जायसवाल ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने सहभोज में सहभागिता की।
👉 धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक खबरों के लिए Web Varta WhatsApp चैनल से जुड़ें
ये भी पढ़ें: सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को एएसपी आलोक राज नारायण ने किया सम्मानित








