देवरिया, ममता तिवारी | वेब वार्ता
प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत देवरिया जिले के 4142 शहरी गरीब परिवारों को रविवार को पहली किस्त प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से 41.42 करोड़ रुपये लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए।
लाभार्थियों के खिले चेहरे, मिली पहली किस्त की खुशी
देवरिया क्लब में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर लाभार्थियों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव संबोधन सुना। कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों के चेहरों पर अपने घर के सपने के साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी।
सीएम योगी ने सिंगल क्लिक से किया धनराशि का हस्तांतरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रत्येक लाभार्थी के खाते में एक-एक लाख रुपये की प्रथम किस्त भेजी। यह राशि लाभार्थियों द्वारा आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए दी गई है। योजना का उद्देश्य शहरी गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल सके।
देवरिया के 4142 लाभार्थियों को मिला लाभ
जिले के जिन लाभार्थियों को लाभ प्राप्त हुआ, उनमें प्रमुख रूप से नगर पालिका परिषद देवरिया के 231, गौराबरहज के 346, बैतालपुर के 222, भलुअनी के 1171, भटनी बाजार के 167, भाटपाररानी के 121, गौरीबाजार के 54, हेतिमपुर के 304, लार के 27, मदनपुर के 169, पथरदेवा के 580, रामपुर कारखाना के 348, रुद्रपुर के 85, सलेमपुर के 95 और तरकुलवा के 115 लाभार्थी शामिल हैं।
परियोजना अधिकारी ने दी जानकारी
डूडा के परियोजना अधिकारी एवं ईओ नगर पालिका संजय कुमार तिवारी ने बताया कि योजना के तहत कुल 48,501 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 15,000 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है। इनमें से 11,230 पात्र/अपात्र आवेदकों का विवरण पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है, जबकि शेष आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी है।
तीन किस्तों में दी जाती है 2.50 लाख रुपये की सहायता
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को कुल ₹2.50 लाख की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है —
- कार्य प्रारंभ करने पर प्रथम किस्त — ₹1.00 लाख
- फाउंडेशन पूर्ण होने पर दूसरी किस्त — ₹1.00 लाख
- आवास निर्माण पूर्ण होने पर तीसरी किस्त — ₹50,000
योजना का लाभ उन परिवारों को दिया जा रहा है जो आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न आय वर्ग एवं मध्यम आय वर्ग से संबंधित हैं तथा जिनके पास देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं है। योजना में विधवाओं, अविवाहित महिलाओं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडर, अनुसूचित जाति–जनजाति, अल्पसंख्यक और अन्य वंचित वर्गों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर सीएलटीसी जितेंद्र प्रसाद, आलोक चंद्र शुक्ला सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
👉 हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta
ये भी पढ़ें: देवरिया में कांग्रेस ने शुरू किया ‘मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान’, ग्राम चौपालों में किया जनजागरूकता अभियान







