गैस सिलेंडर किल्लत पर सोशल मीडिया का अनोखा रिएक्शन
नई दिल्ली, 26 मार्च (वेब वार्ता)। गैस सिलेंडरों की किल्लत ने जहां आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर मीम्स और रील्स की बाढ़ आ गई है। लोग अपनी दिक्कतों को फिल्मी अंदाज में मजाकिया तरीके से पेश कर रहे हैं।
फिल्मी डायलॉग्स से जताई जा रही परेशानी
सोशल मीडिया पर ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘गदर’ और ‘बॉर्डर’ जैसी फिल्मों के गानों और डायलॉग्स के जरिए गैस संकट पर कटाक्ष किया जा रहा है। लोग हंसी-ठिठोली के जरिए अपनी व्यथा साझा कर रहे हैं।
रील्स में दिख रही अनोखी क्रिएटिविटी
कहीं लोग प्रेस पर रोटी सेंकते नजर आ रहे हैं, तो कहीं महिलाएं ब्रीफकेस लेकर मायके जाने का अभिनय कर रही हैं। कई वीडियो में गैस सिलेंडर को ऐसे दिखाया जा रहा है मानो वह कोई अनमोल वस्तु हो।
सिलेंडर की ‘शाही’ एंट्री
कुछ रील्स में सिलेंडर की डिलीवरी को खास अंदाज में दिखाया गया है, जहां बैंड-बाजा, फूलों की वर्षा और आरती के साथ उसका स्वागत किया जा रहा है। यह दृश्य लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।
दहेज में सिलेंडर की मांग
एक वायरल वीडियो में युवक लाउडस्पीकर पर ऐलान करता दिख रहा है कि जो उसकी बहन से शादी करेगा, उसे दहेज में पांच सिलेंडर दिए जाएंगे। वहीं एक अन्य वीडियो में दूल्हा दहेज में सिलेंडर की मांग करता नजर आता है।
मीम्स के जरिए निकाली जा रही भड़ास
सोशल मीडिया यूजर्स इन मीम्स और रील्स के जरिए गैस संकट पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। हास्य और व्यंग्य के इस अंदाज ने गंभीर समस्या को भी चर्चा का विषय बना दिया है।



