संगरूर, 02 अप्रैल (वेब वार्ता)। मुख्यमंत्री भगवंत मान वीरवार सुबह करीब 6:30 बजे अपने पैतृक गांव सतौज पहुंचे, जहां उनके जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग की गई। इस दौरान उनके साथ उनकी माता, बहन और अन्य परिजन भी मौजूद रहे, जिससे दौरा भावनात्मक रंग में नजर आया।
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले अपने पुराने घर गए और अपने बचपन की यादों को ताजा किया। इसके बाद उन्होंने गांव के खेल मैदान और धर्मशाला का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने गांव के धार्मिक डेरे में हाजिरी लगाई और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने अपने इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर उन्हें आत्मिक शांति मिली और लोगों का स्नेह उनकी जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है।
जीवन यात्रा पर बन रही डॉक्यूमेंट्री
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान उनके जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग भी की गई। इसमें उनके बचपन, संघर्ष और मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने की पूरी यात्रा को उनके पैतृक गांव की पृष्ठभूमि में दर्शाया जा रहा है।
गांव के बुजुर्गों और युवाओं में मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने अपने ‘लाडले’ का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री की सुरक्षा और शूटिंग प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया था। गांव के सभी प्रवेश द्वारों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
शूटिंग के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति या वाहन को गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। यहां तक कि ग्रामीणों को भी आवाजाही के लिए सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो सके।



