उज्जैन में सोना दिलाने के नाम पर ठगी: दंपति गिरफ्तार, 5 लाख रुपये बरामद

नकली सोना देकर महिला से ठगी

उज्जैन, 26 मार्च (वेब वार्ता)। माधव नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने होटल में ग्राहक बनकर एक महिला को सस्ते दाम में सोना देने का झांसा दिया और उससे 5 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से पूरी रकम बरामद कर ली है।

50 लाख के सोने का दिया था लालच

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला से पहचान बढ़ाकर उसे विश्वास में लिया और करीब 50-60 लाख रुपये कीमत की सोने की ईंट सस्ते में देने का झांसा दिया। भरोसे में आकर महिला ने उन्हें 5 लाख रुपये नकद दे दिए।

जांच में नकली निकली सोने की ईंट

जब महिला सोने की ईंट की जांच कराने सुनार के पास पहुंची, तो वह नकली निकली। इसके बाद जब महिला ने आरोपियों से संपर्क किया, तो उन्होंने पहचान से इनकार कर दिया और फरार हो गए।

शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका शिंदे के अनुसार 24 मार्च 2026 को पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी कालू भाबोर और साबर बाई, निवासी झाबुआ, होटल में नियमित आने-जाने के दौरान परिचित हुए थे और उन्होंने ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

एक्शन में पुलिस, झाबुआ से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राकेश भारती के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से 25 मार्च को झाबुआ जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूरी रकम बरामद, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी राशि बरामद कर ली है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles