उज्जैन, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)।
कनाडा में हत्या के शिकार गुरकीरत सिंह का पार्थिव शरीर 21 दिन बाद शुक्रवार को उज्जैन लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
गुरकीरत का शव गुरुवार शाम अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचा था, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उज्जैन लाया गया। पार्श्वनाथ सिटी स्थित निवास पर सिख समाज, परिचितों और पड़ोसियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी पहुंचकर दिवंगत को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है और केंद्र व राज्य सरकार के प्रयासों से ही पार्थिव शरीर को भारत लाया जा सका।
कनाडा में हुई थी निर्मम हत्या
जानकारी के अनुसार कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में 10-12 युवकों ने गुरकीरत पर हमला किया था। पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उस पर वाहन चढ़ा दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसकी मौत हो गई थी।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
उज्जैन में अंतिम दर्शन के बाद शव यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रास्ते में जगह-जगह श्रद्धांजलि दी।
शव यात्रा पार्श्वनाथ सिटी से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर चक्रतीर्थ श्मशान घाट पहुंची, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।



