पेंच नदी पुल के नीचे मिली लाश की गुत्थी सुलझी
छिंदवाड़ा, 27 मार्च 2026 (वेब वार्ता)। जिले के सिंगोड़ी चौकी क्षेत्र में 24 मार्च को पेंच नदी पुल के नीचे मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रणिता चौरपगार के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके पति अक्षय चौरपगार ने की थी। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
कार में विवाद के बाद की हत्या
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को अक्षय अपनी पत्नी प्रणिता को महाराष्ट्र के मुर्तिजापुर से नागपुर शॉपिंग के लिए ले जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कार में ही पत्नी का गला दबा दिया। बाद में सेलू के पास दोबारा गला घोंटने से उसकी मौत हो गई।
घटना के समय कार में था मासूम बेटा
बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना के दौरान दंपति का दो साल का बेटा भी कार में मौजूद था, जो इस वारदात का मूक गवाह बना।
शव को पेंच नदी में फेंककर फरार हुआ आरोपी
हत्या के बाद आरोपी रात करीब 10 बजे सिंगोड़ी क्षेत्र के पेंच नदी पुल पर पहुंचा और शव को नीचे पानी में फेंककर फरार हो गया। 24 मार्च को पुलिस को पुल के नीचे महिला का शव मिला, जिसकी पहचान नहीं होने पर पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद दफन कर दिया गया था।
भाई की शिकायत से खुला राज
मृतका के भाई रोशन चक्रे (निवासी दताला, जिला अकोला) ने बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। 25 मार्च को वह महाराष्ट्र के वर्धा जिले के सेलू थाना पुलिस के साथ सिंगोड़ी पहुंचा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पहचान के बाद कब्र से निकलवाया गया शव
पुलिस ने बताया कि महिला के हाथ पर ‘प्रणिता’ नाम लिखा हुआ था, जिससे पहचान आसान हुई। आरोपी के कबूलनामे के बाद तहसीलदार की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
महाराष्ट्र पुलिस को सौंपा जाएगा मामला
चूंकि हत्या की वारदात महाराष्ट्र के सेलू थाना क्षेत्र में हुई थी, इसलिए सिंगोड़ी पुलिस मर्ग डायरी तैयार कर प्रकरण महाराष्ट्र पुलिस को सौंप रही है। मामले में आगे की जांच अब महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जाएगी।



