सोनीपत, 30 मार्च (वेब वार्ता)। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्यमंत्री गौरव गौतम ने स्पष्ट कहा है कि नागरिकों की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सोमवार को आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में मंत्री गौरव गौतम अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में कुल 17 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 11 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
समिति बनी जनता और प्रशासन के बीच सेतु
राज्यमंत्री ने कहा कि कष्ट निवारण समिति आम जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने सभी विभागों को जनहित के मामलों में पारदर्शिता और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
आज सोनीपत जिले में नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से पूर्ण… pic.twitter.com/N7LoOmiynU— Gaurav Gautam (@GauravgGautam) March 30, 2026
विभिन्न मामलों में दिए सख्त निर्देश
गढ़ी ब्राह्मणान निवासी की निजी अस्पताल से संबंधित शिकायत पर उपायुक्त को स्वयं जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव खेवड़ा निवासी मुकेश की पैतृक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस अधिकारियों को संबंधित व्यक्तियों को बुलाकर समझाने और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
गांव कुराड़ निवासी दर्शना देवी की स्कूल में गबन की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अलावा गांव रोहट में शामलात भूमि पर अवैध कब्जे हटाने के लिए एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए, जबकि गांव कासंडी निवासी मीना की भूमि पर कब्जे के मामले में मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया।
एक निजी कंपनी से संबंधित खाद्य वस्तुओं की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी को जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक निखिल मदान, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। स्पष्ट है कि प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सख्त रुख अपनाया जा रहा है।



