रेवाड़ी, 02 अप्रैल (वेब वार्ता)। रेवाड़ी जिले के गांव चांदनवास में एक 33 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह जब परिजन पशुबाड़े में पहुंचे तो युवक का शव टीनशेड से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक अपने पिता का इकलौता बेटा और तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चांदनवास निवासी विक्रांत एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बुधवार रात उसने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद पशुबाड़े की ओर चला गया।
सुबह करीब ढाई बजे जब परिवार के सदस्य पशुबाड़े में पहुंचे, तो वहां टीनशेड पर उसका शव लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही रोहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
एसएफएल टीम ने किया निरीक्षण
रोहड़ाई थाना प्रभारी विद्यासागर के अनुसार, सूचना मिलने पर एसएफएल टीम के साथ मौके का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मृतक के पिता ने अपने प्रारंभिक बयान में किसी प्रकार के विवाद या मानसिक तनाव की बात से इनकार किया है।
पुलिस ने सामान्य प्रक्रिया के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



