करनाल, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)। करनाल के मोतीनगर क्षेत्र में प्रेम विवाह के चार माह बाद एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। 19 वर्षीय महक ने अपने किराये के मकान में अलमारी से फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच फोन को लेकर हुए विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
फोन विवाद के बाद उठाया कदम
पति दीपक, जो निजी वाहन चालक है, ने बताया कि घटना वाली रात वह काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। इस दौरान पत्नी लगातार उसे फोन कर घर आने के लिए कह रही थी।
बार-बार फोन आने से परेशान होकर उसने पत्नी का नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क टूट गया।
रात करीब डेढ़ बजे घर लौटने पर दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज लगाने और फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद वह बाहर ही सो गया।
सुबह सामने आया दर्दनाक दृश्य
सुबह दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर महक का शव अलमारी से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेम प्रसंग से हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, महक सोनीपत के मुरथल क्षेत्र की रहने वाली थी और दीपक के साथ उसके प्रेम संबंध थे। दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना नवंबर 2025 में विवाह किया था और करनाल में किराये के मकान में रह रहे थे।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के अनुसार, शव को शवगृह में रखवाया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



