Monday, December 22, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने लोकतंत्र सेनानियों का किया अभिनंदन

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में 1977 में आपातकाल की समाप्ति दिवस पर आयोजित लोकतंत्र विजय दिवस कार्यक्रम में 1975 – 77 के आपातकाल बंदियों काे सम्मानित किया। सचदेवा ने देश भर से कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे आपातकाल बंदियों को सम्बोधित करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त बताया। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अगर लोकतंत्र को समझना हो तो सबसे पहले हमें लोकतंत्र के सेनानी, जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया, उन्हें समझने की जरूरत है।

इस मौके पर उपस्थित आपातकाल बंदियों को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 21 मार्च को ही देश से आपातकाल हटाया गया था। इसलिए यह लोकतंत्र की विजय का दिन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासकों द्वारा 25 जून 1975 को लोकतंत्र को कुचलने का काम किया गया था। उस लड़ाई को लड़ने वाले आपातकालीन साथियों ने यातनाएं सहीं और 19 महीने तक जेलें काटीं और कई आपातकाल बंदियों को शहादत देनी पड़ी। आज का भारतीय लोकतंत्र उन सभी के त्याग और बलिदान पर खड़ा है।

सचदेवा ने कहा कि देश भर से आए आपातकाल के वे सभी साथी, जिन्होंने इस कष्ट को सहा है, उन्हें आज सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को इस बात को समझना चाहिए कि कांग्रेस के शासनकाल में किस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या की जाती रही है। आपातकाल के 19 महीने कांग्रेस शासन की तानाशाही का प्रमाण है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने उन सभी आपातकाल बंदियों और उनके परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की, जिन्होंने आपातकाल के कष्ट सहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व भर में भारतीय लोकतंत्र का डंका बजा रहे हैं। भारतीय लोकतंत्र की सच्ची ताकत ने जनता की आवाज को बढ़ाने का काम किया है।

सचदेवा ने कहा कि आपातकाल बंदियों से सीखकर हम उस तरह के समाज का निर्माण करें, जहां 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प ले सकें। लोकतंत्र सेनानी संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वीरेंद्र सचदेवा के अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्वनी चौबे, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी, सत्य नारायण जटिया, ओ. पी. बब्बर, सुभाष आर्या, राजीव बब्बर, राजन ढींगरा आदि उपस्थित थे।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles