रायपुर, 31 मार्च (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य में 6 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया, जो इस अवधि में पूरे देश में सर्वाधिक है।
राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही 18 लाख आवासों की स्वीकृति देकर इस दिशा में ठोस कदम उठाया था। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, जनमन योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रभावी समन्वय से इस लक्ष्य को गति मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश ने “सबको आवास” के संकल्प को तेजी से साकार कर नया इतिहास रचा है। उन्होंने बताया कि सर्वे सूची में शामिल सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिया गया है, ताकि कोई भी परिवार छत से वंचित न रहे। यह वर्ष 2016 के बाद एक वर्ष में सर्वाधिक आवास पूर्ण होने का रिकॉर्ड भी है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि को सुशासन का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह केवल आवास निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान 9000 से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
इसके साथ ही 1200 से अधिक रानी मिस्त्रियों सहित हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय के माध्यम से न केवल आवास निर्माण में नया मानक स्थापित किया है, बल्कि सामाजिक सशक्तीकरण और रोजगार सृजन में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।



