मुंबई, 30 मार्च (वेब वार्ता)।मुंबई इंडियंस ने रविवार को आईपीएल के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी रन चेज करते हुए जीत हासिल की। ये जीत मुंबई के लिए काफी खास है क्योंकि टीम ने 13 साल बाद आईपीएल सीजन का अपना पहला मैच जीता है। मुंबई ने इससे पहले आईपीएल में अपना पहला मैच 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीता था। मुंबई इंडियंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के अपने शुरुआती मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम वानखेड़े स्टेडियम में 220 रन बनाने के बाद भी मैच हार गई। वहीं फील्डिंग के दौरान नियमित कप्तान अजिंक्य रहाणे मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए थे, जिसके बाद रिंकू सिंह ने टीम कमान संभाली। हालांकि वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
13 साल बाद जीत हुई नसीब
मुंबई इंडियंस हमेशा आईपीएल में धीमी शुरुआत करने वाली टीम रही है। टीम ने आईपीएल में आखिरी बार अपना पहला मैच अप्रैल 2012 में जीता था, जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराया था। टीम ने 2013 से लेकर 2020 के बीच पांच बार खिताब जीता लेकिन पहले मैच में हार का सिलसिला जारी रहा।
मुंबई इंडियंस की टीम पिछले 13 साल से आईपीएल में अपना पहला मुकाबला हारते हुए आई थी। हालांकि 2026 में ये सिलसिला टूट गया था। मुंबई ने आईपीएल के 19वें सीजन में अपने पहले मुकाबले में कोलकाता को 6 विकेट से हराया। इससे पहले 2012 में टीम ने चेन्नई के खिलाफ जीत हासिल की थी। मुंबई ने 19 सीजन के दौरान अपने पहले मैच में से 14 गंवाए हैं और 5 में जीत हासिल की है। 2008 में बेंगलुरु के खिलाफ टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला हार गई थी।
केकेआर ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन का स्कोर खड़ा किया। रोहित (43 गेंद, चार चौके और आठ छक्के) और रिकलटन (38 गेंद, छह चौके, छह छक्के) की मदद से मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाकर जीत हासिल की। दोनों ने केकेआर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं जबकि पहले ही अपने कुछ गेंदबाजों के बाहर होने से उसका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर दिख रहा है।
इन दोनों मुंबई इंडियंस को पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 80 रन तक पहुंचा दिया था। रोहित ने पावरप्ले की अंतिम गेंद पर दो रन लेकर महज 23 गेंद में अपना 50वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और पांच छक्के जड़े थे। यह आईपीएल में उनका सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने 2015 के फाइनल में 25 गेंद में अर्धशतक बनाया था था।
रिकलटन ने भी जल्द ही अपना अर्धशतक पूरा किया जिसके लिए उन्होंने 24 गेंद खेलकर दो चौके और छह छक्के जमाए। उन्हें इसके बाद 50 रन के स्कोर पर वैभव अरोड़ा से जीवनदान भी मिला। इस तरह मुंबई इंडियंस ने नौंवे ओवर में 100 रन का आंकड़ा पूरा किया। यह वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस की पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी भागीदारी भी है।
इस भागीदारी का अंत अनुकूल रॉय ने रोहित का दर्शनीय कैच लेकर किया। वैभव की आफ स्टंप के बाहर की गेंद पर रोहित गेंद को टाइम नहीं कर सके और शॉर्ट मिडविकेट से लांग ऑन की तरफ भागते हुए अनुकूल ने लंबी छलांग लगाकर कैच लपका। रहाणे मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दूसरी पारी में मैदान से बाहर चले गए जिससे रिंकू सिंह ने टीम की अगुआई की।
सूर्यकुमार यादव आठ गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रिकलटन रन आउट हो गए। तिलक वर्मा ने 14 गेंद में 20 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पंड्या नाबाद 18 और नमन धीर नाबाद पांच रन बनाकर टीम को जीत तक ले गए। केकेआर के गेंदबाजों की मुंबई इंडियंस की रन गति को रोकने की कोई रणनीति काम नहीं आई। वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नारायण को एक एक विकेट मिला।



