कोलंबो, (वेब वार्ता)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका का वन मैन आर्मी शो देखने को मिला। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में असलंका ने 126 गेंदों पर 127 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 5 छक्के भी लगाए। असलंका के शतक की बदौलत श्रीलंका टीम 46 ओवर में 214 रन बना सकी। श्रीलंका के अन्य किसी बल्लेबाज ने इस मैच में अर्धशतक तक नहीं लगाया। श्रीलंका का स्कोर एक समय 135/8 पर था, इससे पहले असलांका ने स्ट्राइक अपने पास रहीं और अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इशान मलिंगा ने दूसरे छोर पर उनका साथ दिया और 26 गेंदों पर 1 रन बनाया।
मुश्किल समय में बल्लेबाजी कर शतक लगाने वाले असलांका ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैचों में श्रीलंकाई कप्तान द्वारा हाइएस्ट स्कोर के सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। असालंका वनडे इतिहास में किसी श्रीलंकाई कप्तान द्वारा चौथा सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
चरित असलंका ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में तीसरे सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले कप्तान बन गए हैं। हालांकि, वह धोनी का 139 रन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं। धोनी ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 124 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर कप्तान बेस्ट स्कोर 123 रन था।
वनडे में श्रीलंकाई कप्तान द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
189 (161): सनथ जयसूर्या बनाम भारत, 2000
139* (116): एंजेलो मैथ्यूज बनाम भारत, 2014
131* (152): अर्जुन रणतुंगा बनाम भारत, 1997
127 (126): चरित असलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2025
126* (127): महेला जयवर्धने बनाम इंग्लैंड, 2006
वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी कप्तान का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
139* (121): एमएस धोनी (भारत), मोहाली, 2013
136* (106): एबी डिविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका), हरारे, 2014
127 (126): चरित असलंका (श्रीलंका), कोलंबो, 2025
125 (114): फाफ डु प्लेसिस (दक्षिण अफ्रीका), होबार्ट, 2018
124 (107): एमएस धोनी (भारत), नागपुर, 2009
123 (95): विराट कोहली (भारत), रांची, 2019
मुकाबले की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम 46 ओवर में 214 रन पर सिमट गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया टीम आसान से लग रहे टारगेट को चेज नहीं कर पाई। महेश तीक्षणा की बेहरीन गेंदबाजी के चलते कंगारू टीम 33.5 ओवर में 165 रन पर ही ढेर हो गई। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने सबसे ज्यादा 41 रन की पारी खेली। उनके अलावा एरोन हार्डी ने 32 और शॉन एबट-एडम जैम्पा ने 20-20 रन बनाए। श्रीलंका ने पहला वनडे 49 रन से अपने नाम किया।