अमेलिया केर का बड़ा कारनामा, पुरुष क्रिकेटर भी नहीं कर पाए

- Advertisement -

वेब वार्ता | ऑकलैंड न्यूजीलैंड महिला टीम की कप्तान अमेलिया केर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो आज तक कोई पुरुष क्रिकेटर भी नहीं बना पाया था. अमेलिया अब टी20I इतिहास में लगातार 10 पारियों में 30 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गई हैं.

अमेलिया केर ने यह खास उपलब्धि 22 मार्च 2026 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में हासिल की. वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 29 गेंदों पर 31 रन बनाए. यह पारी भले ही बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन इसी ने उन्हें इतिहास के पन्नों में पहुंचा दिया. इससे पहले लगातार 9 बार 30 प्लस स्कोर बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका की चमारी अटापट्टू और रोमानिया की रेबेका ब्लेक के नाम था. अमेलिया ने अब दोनों को पीछे छोड़ दिया है.

लगातार 10 पारियों में कमाल

अमेलिया केर की यह रिकॉर्ड यात्रा 2024 में शुरू हुई थी और 2026 में जाकर 10वीं लगातार 30 प्लस पारी पर खत्म हुई. इस दौरान उन्होंने लगातार 10 पारियों में 30 से ज्यादा रन बनाए. उनके स्कोर इस तरह रहे- साउथ अफ्रीका के खिलाफ 43, फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 नाबाद, 40 और 66 रन. इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 101 नाबाद और 82 रन की शानदार पारियां खेलीं. फिर 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 78, 32, 30 और 31 रन बनाकर उन्होंने रिकॉर्ड पूरा किया.

इन 10 पारियों में अमेलिया केर ने कुल 554 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 142 रहा, जो यह दिखाता है कि उन्होंने सिर्फ लगातार रन ही नहीं बनाए, बल्कि तेज गति से बनाए. टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में यह निरंतरता और आक्रामकता दोनों बहुत बड़ी बात मानी जाती है.

मैच में न्यूजीलैंड की शानदार जीत

इस रिकॉर्ड वाले मुकाबले में साउथ अफ्रीका महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 159/6 रन बनाए थे. टीम की ओर से एनेरी डर्कसन ने 32 गेंदों पर नाबाद 55 रन की बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया.

जवाब में न्यूजीलैंड ने 18.3 ओवर में 160/4 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया. टीम की जीत में सबसे बड़ा योगदान सोफी डिवाइन का रहा, जिन्होंने सिर्फ 34 गेंदों पर 64 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे. वहीं जेस केर ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया और 3/16 के आंकड़े दर्ज किए. अमेलिया केर ने 31 रन बनाकर पारी को मजबूती दी और इतिहास भी रच दिया.

सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है. यानी चौथा मैच जीतते ही कीवी टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली है.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img