नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। सोरेन का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सोरेन ने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए उनके काम को हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’
जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया है और आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के उनके जुनून की सराहना की है। पीएम मोदी ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से मुझे बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।”
योगी आदित्यनाथ ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’ उन्होंने कहा, ”जनजातीय समाज के उन्नयन में उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।’’
मायावती ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को दुख व्यक्त किया। मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक एवं आदिवासी समाज के जाने-माने दिग्गज नेता शिबू सोरेन का आज इलाज के दौरान निधन हो जाने की खबर अति-दुखद है।” उन्होंने कहा, ‘‘उनके (शिबू सोरेन के) पुत्र तथा वर्तमान में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनके परिवार के साथ-साथ उनके समस्त समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कु़दरत उन सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।’’
शिबू सोरेन ने आदिवासियों की भलाई के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया: हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन वंचितों, आदिवासियों और श्रमिकों की भलाई के लिए समर्पित था। शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज करा रहे थे। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और माननीय राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन जी के निधन की खबर बेहद दुखद है।’’
आदिवासी अधिकारों की खातिर किए गए संघर्ष के लिए याद किया जाएगा: पटनायक
ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ।’’ ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘वह एक प्रमुख आदिवासी नेता थे और उन्हें आदिवासियों और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की लड़ाई के प्रति उनके समर्पण के लिए याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।’’
आदिवासी समाज की आत्मा थे शिबू सोरेन-केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड और आदिवासी समाज की आत्मा थे। केजरीवाल ने एक्स पर कहा ”आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड और आदिवासी समाज की आत्मा थे। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, जल-जंगल-ज़मीन और संविधानिक न्याय के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनका निधन एक युग का अंत है। उनका जाना देश की राजनीति और आदिवासी आंदोलन की अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने कहा ”ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समस्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।” आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा ”झारखंड आंदोलन के जनक, आदिवासी समाज की बुलंद आवाज़ और लाखों लोगों के प्रेरणा स्रोत दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उनका पूरा जीवन जल-जंगल-ज़मीन और हाशिए पर खड़े लोगों के हक़ की लड़ाई में समर्पित रहा। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दें।” उल्लेखनीय है कि श्री सोरेन का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया।
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। समाज के कमजोर वर्गों, विशेष रूप से जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को चिरशांति प्रदान करें और शोक-संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जमीन से जुड़े नेता सोरेन ने पूरा जीवन आदिवासी समाज के कल्याण एवं उनके हितों के लिए समर्पित कर दिया था।
झारखंड के मुख्यमंत्री तथा उनके पुत्र हेमंत सोरेन, परिवार के अन्य सदस्यों, उनके सभी शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति दें एवं शोकाकुल परिजनों को हिम्मत प्रदान करें।
राहुल गांधी ने क्या कहा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासियों के लिए आजीवन संघर्ष किया और झारखंड राज्य के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़ बनकर सोरेन जी ने उनके हक और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘हेमंत सोरेन जी और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने जाहिर किया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिशोम गुरु के निधन पर दुख जाहिर करते हुए उन्हें जल, जंगल, जमीन के अधिकार के लिए लड़ने वाले नेता के रूप में याद किया। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूं। उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। मैंने उनके सुपुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करे।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- हमेशा जमीन से जुड़े रहे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, श्री शिबू सोरेन जी, झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने जीवन भर समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए संघर्ष किया। वे हमेशा ज़मीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा उनसे पुराना परिचय था। उनके निधन से मुझे गहरा दुःख पहुंचा है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!’
आदिवासियों के महान नेता: लालू यादव
झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक के निधन पर आरजेपी नेता लालू प्रसाद यादव ने दुख जाहिर किया। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘शिबू सोरेन का निधन हो गया है। वह दलितों और आदिवासियों के एक महान नेता थे और मेरे उनसे अच्छे संबंध थे। मुझे दुख है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। यह राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’
मायावती ने जाहिर किया दुख
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख जाहिर किया। उन्होंन कहा, ‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक एवं आदिवासी समाज के जाने-माने दिग्गज नेता श्री शिबू सोरेन का आज इलाज के दौरान निधन हो जाने की खबर अति-दुखद। उनके पुत्र और वर्तमान में झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन व उनके परिवार के साथ-साथ उनके समस्त समर्थकों एवं अनुयाइयों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कु़दरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।’
शिबू सोरेन ने दशकों तक आदिवासियों के अधिकारों के लिए काम किया : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने राज्य में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया। सोरेन (81) का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोरेन के निधन की खबर बेहद दुखद है। गृह मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (सोरेन ने) झारखंड में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया। अपने सरल व्यक्तित्व और विनम्र स्वभाव से वह आम जनता से जुड़े रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल सोरेन परिवार, उनके प्रशंसकों और समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति, शांति, शांति।’’
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी: शिबू सोरेन आदिवासियों की बुलंद आवाज थे। उनका योगदान अतुलनीय है।
राकांपा सांसद सुप्रिया सुले: शिबू सोरेन जी का निधन दुखद है। उनका समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा: शिबू सोरेन जी का निधन एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास: शिबू सोरेन मेरे लिए पिता तुल्य थे। उनका निधन एक व्यक्तिगत क्षति है। मुझे उनके मार्गदर्शन में उपमुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी: शिबू सोरेन का निधन झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
बसपा प्रमुख मायावती: शिबू सोरेन का निधन अत्यंत दुखद है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
आजसू प्रमुख सुदेश महतो: शिबू सोरेन का निधन झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।