रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए बड़ा प्लान, 76 स्टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया

नई दिल्ली, 29 मार्च (वेब वार्ता)। भारतीय रेलवे ने स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यापक और आधुनिक व्यवस्थाएं लागू करने का निर्णय लिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होल्डिंग एरिया, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम और उन्नत निगरानी तंत्र विकसित किए जा रहे हैं।

मंत्री ने अपने लिखित जवाब में बताया कि देशभर के 76 चिन्हित रेलवे स्टेशनों पर स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। इन क्षेत्रों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, टिकट काउंटर, सूचना बोर्ड और सुरक्षा जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे व्यस्त समय में प्लेटफॉर्म पर भीड़ को कम किया जा सके।

उन्होंने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस प्रकार का होल्डिंग एरिया पहले ही शुरू किया जा चुका है। यहां अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक सूचना बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, बैगेज स्कैनर, मेटल डिटेक्टर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पावर बैकअप, आरओ जल और अलग-अलग शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

रेल मंत्री ने बताया कि अन्य स्टेशनों पर भी यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। एक्सेस कंट्रोल सिस्टम के तहत केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जाएगा, जबकि बिना टिकट या प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को होल्डिंग एरिया में रखा जाएगा, जिससे अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके।

भीड़ प्रबंधन को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने 12 मीटर और 6 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज डिजाइन किए हैं। इसके अलावा स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे वास्तविक समय में निगरानी संभव हो सकेगी। बड़े स्टेशनों पर विशेष नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभाग मिलकर समन्वित तरीके से कार्य करेंगे।

मंत्री ने बताया कि अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर आधुनिक संचार प्रणाली, वॉकी-टॉकी और उन्नत उद्घोषणा तंत्र भी लगाए जाएंगे। रेलवे कर्मचारियों को क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र और नई वर्दी दी जाएगी, ताकि आपात स्थिति में उनकी पहचान आसानी से हो सके। साथ ही स्टेशन निदेशक को अधिक अधिकार दिए जाएंगे, जिससे वे मौके पर ही आवश्यक निर्णय लेकर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित कर सकें।

इस बीच, भारतीय रेलवे ने विज्ञापन नीति को भी सख्त किया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शराब, तंबाकू, सिगरेट और अश्लील सामग्री से जुड़े विज्ञापनों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ट्रेनों और स्टेशनों पर विज्ञापन दिखाने के लिए संबंधित रेलवे प्राधिकरण से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles