Saturday, February 14, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

गुजरात की जनता, व्यापारी, किसान, मजदूर, छात्र विकल्प चाहते हैं : राहुल

राहुल बोले- गुजरात में पिछले तीन दशकों से चला आ रहा भाजपा का मॉडल पूरी तरह से विफल

अहमदाबाद/नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात में पिछले तीन दशकों से चला आ रहा भाजपा का मॉडल पूरी तरह से विफल साबित हुआ है। जनता भाजपा का विकल्प चाहती है और कांग्रेस आसानी से यह विकल्प दे सकती है।

गुजरात के अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात की रीढ़ की हड्डी छोटे और मध्यम व्यवसायी, किसान और मजदूर हैं। लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों के कारण ये सभी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। आज गुजरात अटक गया है, उसे रास्ता नहीं दिख रहा है, गुजरात आगे बढ़ना चाहता है। हीरा उद्योग, वस्त्र उद्योग, सिरेमिक उद्योग से जुड़े लोग और प्रदेश के किसान कह रहे हैं कि उन्हें नया विजन चाहिए। पिछले 25 वर्षों से चल रही नीतियां पूरी तरह से विफल हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी जनता को नया विजन दे सकती है, लेकिन इसके लिए पहले पार्टी के नेताओं को लोगों से जुड़ना होगा।

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि गुजरात में विपक्ष को 40 प्रतिशत वोट मिलते हैं। अगर कांग्रेस पार्टी अपने वोट शेयर में सिर्फ पांच प्रतिशत की वृद्धि कर ले, तो राज्य में कांग्रेस की सरकार बन सकती है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी तेलंगाना में 22 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाकर सरकार बना सकती है, तो वह गुजरात में भी पांच प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाकर स्थिति बदल सकती है।

कांग्रेस संगठन के भीतर दो तरह के नेताओं व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले ऐसे नेता हैं जो सीधा जनता से जुड़े हुए हैं और जिनके दिल में कांग्रेस की विचारधारा है। दूसरी तरह के नेता जनता से कटे हुए हैं और इनमें से आधे भाजपा से मिले हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुजरात की जनता विकल्प चाहती है, न कि बी टीम। उनकी जिम्मेदारी इन दो तरह के नेताओं व कार्यकर्ताओं को पहचानने की है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि पार्टी में नेताओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सही नेतृत्व को सही स्थान पर लाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग भाजपा के साथ अंदरूनी तौर पर जुड़े हैं, उन्हें पार्टी से निकालना पड़ा, तो निकाला जाएगा।

अपने संबोधन में महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे महान नेताओं को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी के सबसे बड़े नेताओं में से दो नेता गुजरात के थे। हिंदुस्तान को गुजरात ने रास्ता दिखाया था। आज फिर गुजरात नया रास्ता देखना चाहता है और कांग्रेस उसे नई राह दिखा सकती है।

भारत जोड़ो यात्रा का उदाहरण देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा में कांग्रेस ने जनता से सीधा संवाद किया और देश की राजनीति में बदलाव ला दिया। इसी तरह गुजरात में भी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी होंगी और उनके साथ रिश्ता बनाना होगा।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img
Webvarta Job Post Add