Sunday, February 15, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति से की भेंट, विक्रमोत्सव के लिए किया आमंत्रित

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट करने दिल्ली पहुंचे। यहां सीएम यादव ने राष्ट्रपति को विक्रमोत्सव के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया और सुविधानुसार कार्यक्रम बनाकर सूचित करने का आश्वासन दिया। विक्रमोत्सव आगामी 30 मार्च को गुड़ी पड़वा के दिन से प्रारंभ होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि गुड़ी पड़वा विक्रम संवत परिवर्तन का दिन है और वर्षों से इसका आयोजन मध्य प्रदेश में किया जाता है। सीएम ने उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य के शासनकाल के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि उन्होंने आदिकाल में ही गणराज्य की स्थापना की और उनका शासनकाल न्याय, पराक्रम और सुशासन के लिए जाना जाता है। उनके मंत्रिमंडल को सिंहासन बत्तीसी के नाम से जाना जाता है।   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इसी दिन से ‘जल गंगा जल संवर्धन’ अभियान पूरे प्रदेश में शुरू किया जाएगा जो तीन महीने तक चलाया जाने वाला है। उन्होंने बताया कि इसी समय विक्रम विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का भी आयोजन किया जाना है।

दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। सीएम ने सहकारिता मंत्री अमित शाह को भी मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। इस पर शाह ने अप्रैल के प्रथम सप्ताह में आने का आश्वासन दिया है। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों के हित के लिए नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ एमओयू के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सहकारिता के माध्यम से प्रदेश के छोटे और मझोले किसानों तक भी इस योजना की जानकारी पहुंचाने की बात कही, ताकि वे भी लाभान्वित हो सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शाह का ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के सफल आयोजन और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img
Webvarta Job Post Add