कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे को एक गीत के माध्यम से अपमानित करने की कोशिश की, यह गलत है: देवेंद्र फडणवीस

मुंबई, (वेब वार्ता)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि कॉमेडियन कुणाल कामरा द्वारा एकनाथ शिंदे को लेकर की गई टिप्पणी गलत है। इस तरह की टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को एक गीत के माध्यम से अपमानित करने की कोशिश की है, यह गलत है। हम इसकी निंदा करते हैं, ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

सीएम ने कहा कि कुणाल कामरा को यह समझना चाहिए कि 2024 के चुनाव में जनता ने साफ कर दिया है कि कौन गद्दार है और कौन खुद्दार है। दिवंगत शिवसेना प्रमुख हिंदू उदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की विरासत एकनाथ शिंदे के पास है। जनता ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है। इसलिए कोई भी स्टैंडअप कॉमेडियन खड़ा होकर उन्हें इस तरह ‘गद्दार’ नहीं कह सकता। जनता ने यह दिखा दिया है कि जिन्होंने गद्दारी की, जिन्होंने बालासाहेब ठाकरे के विचारों के साथ विश्वासघात किया, उन्हें जनता ने घर भेज दिया है।

उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं किसी को भी कॉमेडी करने का अधिकार है, व्यंग्य कसने का भी अधिकार है। हमारे ऊपर भी चाहें जितना व्यंग्य कसिए, इसमें किसी को भी कोई दर्द नहीं है। लेकिन अगर कोई जानबूझकर इतने बड़े नेताओं को अपमानित और बदनाम करता है, तो मुझे लगता है कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी कानूनी कार्रवाई होगी, वह उसके खिलाफ की जाएगी।”

सीएम फडणवीस ने कहा कि कुणाल कामरा को माफी मांगनी चाहिए। जिस तरह से वे संविधान का फोटो दिखाकर एक्स पर पोस्ट कर रहे हैं, यह वही लाल संविधान है जिसे राहुल गांधी दिखाते हैं। यह संविधान न तो राहुल गांधी और न ही कुणाल कामरा ने पढ़ा है। ऐसे संविधान की तस्वीर लेकर आप अपनी गलती को सही नहीं ठहरा सकते, क्योंकि इसी संविधान में कहा गया है कि सबकी आज़ादी का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसकी भी सीमाएं हैं। जब यह आज़ादी दूसरों की आज़ादी पर आक्रमण करती है, तो ऐसी स्वतंत्रता पर मर्यादाएं भी आती हैं। आप दूसरों की आज़ादी या उनके विचारों पर आक्रमण नहीं कर सकते। इसलिए राहुल गांधी का संविधान दिखाकर आप अपने गलत कामों से नहीं बच सकते।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img