Wednesday, November 19, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

महिलाओं को सशक्त बनाने में सरकार का विश्वास: मुर्मु

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को कहा कि सरकार महिलाओं के नेतृत्व में देश को सशक्त बनाने में विश्वास करती है।

श्रीमती मुर्मु ने संसद के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सशक्त किया जा रहा है। देश की 10 करोड़ से भी अधिक महिलाओं को इसके साथ जोड़ा गया है। इन्हें कुल नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि बैंक के माध्यम से वितरित की गई है।

उन्होंने कहा, “मेरी सरकार का लक्ष्य देश में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। आज एक करोड़ पंद्रह लाख से भी अधिक लखपति दीदी एक गरिमामय जीवन जी रही हैं। इनमें से लगभग 50 लाख लखपति दीदी बीते छह महीने में बनी हैं। ये महिलाएं एक उद्यमी के रूप में अपने परिवार की आय में योगदान दे रही हैं।”

राष्ट्रपति ने कहा कि सभी को बीमा उपलब्ध कराने की भावना के साथ कुछ महीने पूर्व ही बीमा सखी अभियान भी शुरू किया गया है। बैंकिंग और डिजी पेमेंट सखियाँ दूर दराज के इलाक़ों में लोगों को वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कृषि सखियाँ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही हैं और पशु सखियों के माध्यम से पशुधन मज़बूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदी योजना महिलाओं के आर्थिक और तकनीकी सशक्तिकरण का माध्यम बनी है। यह इस संसद के लिए गौरव का विषय है कि बड़ी संख्या में भारत की बेटियां लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं, पुलिस में भर्ती हो रही हैं और कॉरपोरेट कंपनियों का नेतृत्व भी कर रही हैं। सरकार के निर्णय के बाद बालिकाओं की भर्ती राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में प्रारंभ हो गई है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में भी महिला कैडेट्स की भर्ती शुरू हो गई है।

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि बेटियाँ ओलंपिक में पदक लाकर देश को भी गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं भारत की संसद के माध्यम से देश की नारी-शक्ति को विशेष बधाई देती हूं।”

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles