Tuesday, January 27, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। शपथ ग्रहण के बाद सीएम रेखा गुप्ता की पीएम मोदी से यह पहली मुलाकात है। इससे पहले शुक्रवार को सीएम रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी। बता दें कि शपथ लेने के बाद से सीएम रेखा गुप्ता ताबड़तोड़ बैठकें कर रही हैं। शुक्रवार को उन्होंने बदहाल सड़कों और जल आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।

टूटी सड़कों की समस्या जल्द होगी दूर

शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान टूटी सड़कों के साथ ही विभाग की अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि टूटी सड़कों की समस्या जल्द दूर करने के लिए अधिकारियों को कहा गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया तेज करने की बात कही गई है। साथ ही यदि इसमें फंड की कमी है तो उसे भी किया जाएगा।

न हो गंदे पानी की सप्लाई, अधिकारी रखें नजर : रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्रियों ने शुक्रवार को बैठक में जल बोर्ड के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अब पुराने ढर्रे पर काम नहीं होगा। किसी भी सूरत में गंदे पानी की आपूर्ति न हो। खासकर समर एक्शन प्लान में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि दिल्ली के किसी भी क्षेत्र में गर्मी के दौरान पानी की कोई समस्या न हो। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि समर एक्शन प्लान में पूरी तरह से बदलाव हो, ताकि जलापूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ की जा सके। सरकार का लक्ष्य है कि गर्मियों में होने वाली पानी की किल्लत को किसी भी हाल में टाला जाए और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहे। उन्होंने गंदे पानी की आपूर्ति होने की समस्या पर भी कड़ी नजर रखने का आदेश दिया। उन्होंने जल बोर्ड को निर्देशित किया कि पानी की गुणवत्ता की जांच नियमित रूप से की जाए, ताकि लोगों को साफ और शुद्ध जल मिल सके। साथ ही, पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

सीएम आवास के लिए तीन बंगलों का चयन

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास के लिए तीन बंगलों का चयन किया है। इनमें से दो बंगले मध्य दिल्ली में डीडीयू मार्ग पर हैं, जबकि तीसरा सिविल लाइंस में राजपुर रोड पर है। सीएम अपने हिसाब से उपयुक्त बंगले को अंतिम रूप देने के लिए दौरा कर सकती हैं। अंतिम रूप दिए गए बंगले को सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के माध्यम से मंजूरी दी जाएगी और आवंटित किया जाएगा। बता दें कि जिस बंगले में केजरीवाल रहे थे। उसे भाजपा ने शीश महल करार दिया गया था। बृहस्पतिवार को सीएम रेखा ने कहा था कि वे शीशमहल में नहीं रहेंगी।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img