जनसभा स्थल बना छावनी
नोएडा/ग्रेटर नोएडा, 26 मार्च (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा से पहले नोएडा एयरपोर्ट परिसर को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पंडाल तैयार होने के बाद बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी ही अंदर जा सकेंगे।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, फायर, स्वास्थ्य, बिजली और यातायात विभाग समेत कई एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
आज से SPG संभालेगी सुरक्षा
प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल के तहत बृहस्पतिवार से स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां जनसभा स्थल की निगरानी संभालेंगी। इसके बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं होगी।
चार लेयर में होगी सुरक्षा व्यवस्था
जनसभा के लिए सुरक्षा के चार स्तर बनाए गए हैं। पहली लेयर में SPG और NSG कमांडो तैनात रहेंगे, जबकि दूसरी लेयर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद होंगे। तीसरी और चौथी लेयर में पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बल के जवान सुरक्षा संभालेंगे। साथ ही आसपास स्नाइपर्स की तैनाती भी की जाएगी।
बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक
एयरपोर्ट परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यहां तक कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को भी सीमित क्षेत्र तक ही जाने की अनुमति होगी और हर स्तर पर पहचान पत्र की जांच की जाएगी।
भगवा रंग में सजा पंडाल
जनसभा के लिए तैयार पंडाल को भगवा और सफेद रंग से सजाया गया है। वीवीआईपी और वीआईपी ब्लॉक में विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे मंच से पूरा पंडाल भगवा रंग में नजर आएगा।



