न्यू अशोक नगर: चुनावी वादों की खुली पोल, नाले वाली सड़क बनी राहगीरों के लिए मुसीबत

-इरशान सईद

नई दिल्ली, 09 अप्रैल (वेब वार्ता) न्यू अशोक नगर क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावे और चुनावी वादे एक बार फिर खोखले साबित होते नजर आ रहे हैं। चुनाव के समय हर राजनीतिक दल के उम्मीदवार यहां की “नाले वाली सड़क” को पक्का बनाने का वादा करते हैं, लेकिन सत्ता मिलने के बाद स्थिति जस की तस बनी रहती है।

इस बार भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन अधूरा छोड़ दिया गया। न्यू अशोक नगर में पीली कोठी से मुख्य रोड (रेड टैप) तक सड़क का निर्माण किया गया, लेकिन ABD चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास सड़क के बीचों-बीच एक बड़ा गैप (अधूरा हिस्सा) छोड़ दिया गया है।

इस अधूरे कार्य के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां हर दिन हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ और बदबू के बीच जीवन जीना उनकी मजबूरी बन गया है।

कीचड़ और गंदे पानी से बदहाल सड़क

मुख्य नाले वाली सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब है। पूरी सड़क गंदे पानी और गहरे कीचड़ से भरी हुई है। पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन निकालना भी जोखिम भरा हो गया है।

नाले की सफाई न होने और सड़क निर्माण अधूरा रहने के कारण पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों में रोष

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि वोट लेने के बाद उनकी समस्याओं से मुंह मोड़ लेते हैं। लोगों ने प्रशासन और नेताओं से सवाल उठाते हुए कहा:

“आखिर कब तक हमें इस नारकीय स्थिति में रहना पड़ेगा? क्या नाले वाली सड़क सिर्फ चुनावी वादों तक ही सीमित रहेगी?”

लोगों की मांग

क्षेत्रवासियों की मांग है कि:

  • ABD चौक के पास छोड़ा गया गैप तुरंत भरा जाए
  • पूरी नाले वाली सड़क का निर्माण जल्द पूरा किया जाए
  • नाले की नियमित सफाई कराई जाए

ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके और सामान्य जीवन बहाल हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles