नई दिल्ली, 05 अप्रैल (वेब वार्ता)। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर टैक्सी संचालन को व्यवस्थित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब यात्रियों को केवल अधिकृत पार्किंग और हॉल्टिंग क्षेत्रों से ही पिन-डिस्पैच एप के माध्यम से टैक्सी और कैब की बुकिंग करनी होगी। अवैध स्थानों पर टैक्सी खड़ी करने पर तत्काल चालान किया जाएगा।
दिल्ली यातायात पुलिस ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में 14 एएनपीआर कैमरे लगाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे दलालों की गतिविधियों पर रोक लगेगी और खासकर विदेशी यात्रियों के साथ होने वाली घटनाओं में कमी आएगी।
टर्मिनलों पर शुरू हुई व्यवस्था
नई दिल्ली रेंज के पुलिस उपायुक्त शोभित सक्सेना ने बताया कि यह प्रणाली फिलहाल टर्मिनल-3 और टर्मिनल-2 पर लागू कर दी गई है। इसी महीने के अंत तक इसे अन्य टर्मिनलों पर भी लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टर्मिनल भवनों के बाहर खड़ी टैक्सियां बिना अधिकृत बुकिंग के सवारी नहीं ले सकेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
एएनपीआर कैमरों से सख्त निगरानी
यातायात पुलिस के अनुसार, टर्मिनल-3 मार्ग पर आठ, टर्मिनल-1 निकास मार्ग पर एक और यूईआर-दो पर दो एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं। ये सभी कैमरे एनआईसी प्रणाली से जुड़े हैं, जिससे वाहनों की निगरानी और चालान प्रक्रिया स्वचालित रूप से की जा सकेगी।
दलाली पर कड़ी कार्रवाई
आईजीआई एयरपोर्ट ट्रैफिक सर्किल के तहत दलाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इस वर्ष अब तक ऐसे मामलों में 132 ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। वहीं, पिछले एक सप्ताह में ही 41 ई-चालान काटे गए और 10 वाहनों को जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से एयरपोर्ट पर टैक्सी संचालन अधिक पारदर्शी होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।



