नई दिल्ली, 29 मार्च (वेब वार्ता)। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की कूटनीति की सराहना करते हुए कहा कि देशवासियों को पूर्ण विश्वास है कि जब तक मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, तब तक देश पर कोई बड़ी विपत्ति नहीं आ सकती।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व के उन विरले नेताओं में शामिल हैं, जो ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से हर महीने सीधे जनता से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ समाज की प्रेरक कहानियों को भी सामने लाता है, जिससे लोगों को नई दिशा मिलती है।
उन्होंने मध्य पूर्व में जारी तनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि भारत का जहाज कच्चा तेल लेकर हार्मुज क्षेत्र से सुरक्षित निकल गया, जिसके बाद अन्य देशों को भी ईरान द्वारा अनुमति दी गई। यह भारत की मजबूत कूटनीति का परिणाम है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति के चलते भारत के संबंध छोटे से बड़े सभी देशों के साथ सुदृढ़ हुए हैं। उन्होंने कोविड काल का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत ने लगभग 160 देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराई, जिससे वैश्विक स्तर पर देश की विश्वसनीयता बढ़ी है और आज विश्व भारत को आशा की नजर से देख रहा है।
हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि उन्होंने विश्वास नगर मंडल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सशक्त कूटनीति के कारण खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू बनी हुई है।
इस बीच दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश की सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी को मजबूत करने वाला है। इस बार कार्यक्रम में ज्ञान भारतम सर्वे, युवा सहभागिता, खेल, जल संरक्षण, स्वास्थ्य और सौर ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया, जो देश को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करते हैं।



