Wednesday, December 3, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

Delhi : दिल्ली को कूड़े से आजादी- स्वच्छता अभियान’ की एक अगस्त से होगी शुरूआत : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली (New Delhi), (वेब वार्ता)। दिल्ली सरकार ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी- स्वच्छता अभियान’ की शुरुआत एक अगस्त से कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान 31 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान में जन-भागीदारी को और पुख्ता करने के लिए एक पोर्टल भी शुरू किया जा रहा है।

दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में शहरी विकास व शिक्षा मंत्री आशीष सूद, मुख्य सचिव धर्मेंद्र सहित शहरी विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली मेट्रो रेल निगम सहित अधिकतर विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने एक बयान में बताया कि अगस्त महीना देश की आजादी के लिए जाना जाता है। हमारी सरकार ने भी निर्णय लिया है कि इस महा ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ दिलाई जाए। अभियान में जनभागीदारी के अलावा विभिन्न विभागों की सहभागिता के समन्वय को इतना शानदार तरीके से चलाया जाएगा कि लोग वाकई कहें कि अगस्त माह में दिल्ली को ‘कूड़े से आजादी’ मिल गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में आम लोगों के अलावा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, मार्केट एसोसिएशन, मंदिर समितियों, स्कूलों व कॉलेजों के छात्रों के अलावा सभी वर्ग को शामिल करने के लिए विशेष उपाय किए जाएंगे और इस तरह के विशेष प्रयास किए जाएंगे कि पूरी दिल्ली कूड़े से आजादी- स्वच्छता अभियान” को अपना अभियान मानकर चले। इस अभियान के दौरान स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों पर विशेष फोकस किया जाएगा और वहां के स्टोर रूम्स में सालों से पड़े कबाड़ व उपयोग न होने वाले सामान के निपटान के लिए विशेष उपाय किए जाएंगे। इस अभियान को सब्जी व फल मंडियों, औद्योगिक क्षेत्रों, बस अड्डों, बस डिपो में भी चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी अगस्त माह के शनिवार व रविवार को कूड़े से आजादी- स्वच्छता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार इस अभियान का विभिन्न प्रचार माध्यमों से प्रचार-प्रसार तो किया ही जाएगा साथ ही एक विशेष पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। इस पोर्टल में दिल्ली के लोग किसी भी स्थल की सफाई से पहले और सफाई के बाद फोटो भेजकर अपनी भागीदारी की सूचना दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत स्लम क्षेत्रों, अनधिकृत कॉलोनियों, झुग्गी कॉलोनियों आदि में विशेष फोकस किया जाएगा। इस बात की भी पूरी रिपोर्ट ली जाएगी कि अभियान के तहत पूरी दिल्ली में सामान्य दिनों से अधिक कूड़े का निस्तारण किया जाए। उन्होंने बताया कि इस अभियान की रूपरेखा के लिए 29 जुलाई को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में एक बड़ी बैठक की जाएगी, जिसमें दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद, पार्षद के अलावा विभिन्न एसोसिएशन के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles