नई दिल्ली, 29 मार्च (वेब वार्ता)। दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय तस्करी तंत्र को करारा झटका लगा है।
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 मार्च की दरमियानी रात को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने गाजियाबाद निवासी अकबर (36) और फिरोज खान (41) को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे स्कूटी से दो बैग लेकर जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21 किलो 730 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जो व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आता है। इसके अलावा फिरोज खान के पास से लगभग 46 ग्राम स्मैक भी बरामद की गई। इस मामले में कल्याणपुरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में फिरोज खान ने खुलासा किया कि वह ओडिशा के कंधमाल जिले के आकाश कुमार दिगल से गांजा खरीदता था और उसे दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में बेचता था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने अपने संपर्क नंबर बंद कर लिए थे और वह एक दूरदराज के जंगली क्षेत्र में छिपा हुआ था, जिससे उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो गया।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के जरिए ओडिशा के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। 26 मार्च को प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने कंधमाल से भुवनेश्वर तक पीछा कर आकाश कुमार दिगल को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 28 मार्च को आरोपी को दिल्ली लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके क्षेत्र के पहाड़ी और जंगलों में गांजा स्वतः उगता है, जिसका फायदा उठाकर उसने अवैध सप्लाई शुरू की। उसने स्वीकार किया कि वह पिछले दो-तीन वर्षों से इस धंधे में सक्रिय था और बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में नियमित आपूर्ति कर रहा था।
पुलिस का मानना है कि आरोपी एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा है, जो अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार के जरिए तेजी से धन अर्जित करने में लगा था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।



