Sunday, October 19, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई इलाके जलमग्न, उड़ानें प्रभावित

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में शुक्रवार देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और दिनभर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। दक्षिण, पूर्वी, पश्चिमी और मध्य दिल्ली में घुटनों तक पानी भरने की घटनाएं सामने आई हैं। विभाग का अनुमान है कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 27°C और अधिकतम 36°C रहेगा, और अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।


उड़ानों और यातायात पर असर

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) ने यात्रियों को उड़ानों की जानकारी के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी है। इंडिगो और स्पाइसजेट ने शहर में ट्रैफिक जाम को देखते हुए यात्रियों को समय से पहले निकलने की चेतावनी दी है। बारिश के कारण कई उड़ानों को डाइवर्ट किया गया है।


बारिश के आंकड़े

मौसम विभाग के अनुसार सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे तक सफदरजंग में 49.6 मिमी, पूसा में 47.0 मिमी, मयूर विहार में 42.0 मिमी, और प्रगति मैदान में 40.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आईटीओ, मुनीरका, मोती बाग, एपीएस कॉलोनी, अकबर रोड, मंडी हाउस, वसंत कुंज, कनॉट प्लेस, भजनपुरा और यमुना विहार जैसे क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है।


यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब

यमुना का जलस्तर सुबह 8 बजे 204.4 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.5 मीटर से महज 10 सेंटीमीटर कम है। खतरे का स्तर 205.33 मीटर माना जाता है।


एनसीआर के अन्य इलाकों की स्थिति

गाजियाबाद में विजय नगर अंडरपास और रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पानी में डूबी रही। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई सड़कें जलभराव में फंसी रहीं। सूरजपुर कस्बे में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और प्रशासन के दावे धराशायी हो गए।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles