दिल्ली में गैस संकट के बीच एलपीजी कालाबाजारी का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 02 अप्रैल (वेब वार्ता)। राजधानी दिल्ली में गैस संकट के बीच एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग करने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर बरामद किए गए हैं।

पालम में बड़ा रैकेट पकड़ा

पालम गांव थाना पुलिस ने अवैध एलपीजी गैस भंडारण और रिफिलिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 45 भारत गैस सिलिंडर, एक टेम्पो और गैस रिफिलिंग व ट्रांसफर करने वाले उपकरण बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर गैस की कालाबाजारी में लिप्त था।

डाबड़ी में भी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई में अपराध शाखा ने डाबड़ी क्षेत्र में अवैध एलपीजी स्टोरेज और रिफिलिंग रैकेट का खुलासा किया। यहां से 17 गैस सिलिंडर बरामद किए गए। इस मामले में दुकानदार मोहन लाल गर्ग को गिरफ्तार किया गया है।

जांच के लिए यह मामला द्वारका जिले के डाबड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

ऊंचे दामों पर बेची जा रही थी गैस

अपराध शाखा के अनुसार, सीतापुरी इलाके में सूचना मिलने पर छापेमारी की गई। इस दौरान मोहन लाल गर्ग अवैध रूप से गैस सिलिंडर भरते हुए पाया गया। वह गैस को करीब 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच रहा था।

मौके पर विभिन्न कंपनियों के कुल 17 एलपीजी सिलिंडर पाए गए। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी को भी मौके पर बुलाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल है। राजधानी में गैस संकट के बीच इस तरह की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles