Friday, October 3, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

भीषण तूफ़ान बुआलोई वियतनाम में पहुंचा, आठ की मौत और भारी तबाही

हनोई, 29 सितंबर (वेब वार्ता)। दक्षिण-पूर्वी एशिया में चक्रवात रगासा के बाद, तूफ़ान बुआलोई ने सोमवार सुबह मध्य वियतनाम में दस्तक दे दी है। इस शक्तिशाली तूफ़ान के कारण अनेक क्षेत्रों में तेज़ हवाएँ और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है, जिससे व्यापक तबाही मची है। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, बुआलोई के कारण आठ व्यक्तियों की मौत हो गई है, जबकि 17 लोग अभी भी लापता हैं।

तेज़ हवाएँ और मूसलाधार बारिश का अलर्ट

नेशनल वेदर फोरकास्ट एजेंसी के अनुसार, तूफ़ान बुआलोई के दौरान हवा की रफ़्तार 88 से 117 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। इस तूफ़ान में कई घर मलबे में तब्दील हो गए हैं और बिजली के खंभे भी नीचे गिर गए हैं।

वियतनाम के राष्ट्रीय जल-मौसम विज्ञान पूर्वानुमान केंद्र के उप निदेशक डॉ. होआंग फुक लाम ने बुआलोई के मद्देनज़र आज दोपहर से 30 सितंबर तक उत्तरी डेल्टा फु थो और दक्षिणी प्रांतों सोन ला, लाओ कै और थान होआ में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। श्री लाम ने बताया कि इस तूफ़ान के असर से कुल वर्षा 100 से 200 मिलीमीटर तक हो सकती है, जबकि कुछ स्थानीय क्षेत्रों में यह 300 मिलीमीटर से भी अधिक होगी।

तटों पर 7 घंटे तक मंडराया तूफ़ान, ऊँची लहरों का क़हर

वियतनाम के तट से टकराने से पहले यह चक्रवात लगभग 7 घंटे तक तटों के आस-पास मंडराता रहा। इस दौरान समुद्र की लहरें 8 मीटर की ऊँचाई तक उफ़ान मार रही थीं। तूफ़ान के कारण हुई तेज़ बारिश और समुद्र की ऊँची लहरों के चलते बाढ़ के हालात बिगड़ गए हैं। हू सिटी में बाढ़ में फँसकर आठ व्यक्तियों की मौत हुई है। वहीं, क्वांग त्री प्रांत में समुद्र की लहरें कई मछुआरों के साथ चार नावों को भी बहा ले गईं।

28,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

चक्रवात बुआलोई से पहले, सरकार ने तटीय इलाका खाली कराकर लगभग 28,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रेस्क्यू किया था। तूफ़ान और मौसम की ख़राबी के कारण कई फ्लाइट्स भी रद्द कर दी गई हैं, जबकि कुछ उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। वियतनाम में शनिवार से ही भारी बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

फ़िलीपींस में भी मचाई थी तबाही

वियतनाम में दस्तक देने से पहले तूफ़ान बुआलोई ने फ़िलीपींस में भी भारी तबाही मचाई थी, जहाँ इसके कारण 10 लोगों की मौत हो गई थी। बुआलोई से पहले इस क्षेत्र में चक्रवात रगासा का प्रभाव देखने को मिला था, जिसके कारण ताईवान, हांगकांग और चीन में भी अलर्ट जारी किया गया था।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles