Monday, February 16, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

थाईलैंड – कंबोडिया संघर्ष : अब तक 32 लोगों की मौत, हजारों विस्थापित; भारत ने अपने नागरिकों को जारी की एडवाइजरी

नोम पेन्ह/बैंकॉक, (वेब वार्ता)। थाईलैंड और कंबोडिया में शनिवार को चौथे दिन भी संघर्ष जारी है। अब तक दोनों देशों के बीच जंग में 32 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि सीमा क्षेत्रों से हजारों व्यक्तियों को विस्थापित होना पड़ा। विस्थापितों को अस्थायी आश्रयों में शरण लेनी पड़ी है। इस बीच दोनों पक्षों में संघर्ष के और अधिक तेज होने की आशंका जताई जा रही है।

यूएन ने की आपात बैठक

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार देर रात इस मुद्दे पर न्यूयॉर्क में एक आपात बैठक की। हालांकि बैठक के बाद कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन परिषद के एक राजनयिक के अनुसार सभी 15 सदस्य देशों ने थाईलैंड और कंबोडिया से संयम बरतने, तनाव कम करने और विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का आग्रह किया है। साथ ही दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) से भी सीमा विवाद में मध्यस्थता करने का अनुरोध किया गया।

आसियान के अध्यक्ष ने भी की संघर्ष खत्म करने की अपील

वर्तमान में आसियान की अध्यक्षता कर रहे मलेशिया ने भी दोनों देशों से तत्काल संघर्ष समाप्त करने का आह्वान किया है और मध्यस्थता की पेशकश की है। संयुक्त राष्ट्र में कंबोडिया के राजदूत छिया केओ ने बताया कि आपात बैठक की मांग कंबोडिया ने की थी। उन्होंने बिना शर्त संघर्षविराम और विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की मांग दोहराई। थाईलैंड पर हमले के आरोपों पर उन्होंने कहा, “हम एक छोटे देश हैं, हमारी वायुसेना भी नहीं है। हम तीन गुना बड़ी सेना वाले देश पर कैसे हमला कर सकते हैं?”

थाईलैंड ने कंबोडिया को ठहराया जिम्मेदार

थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई ने नागरिकों की मौत और एक अस्पताल पर हमले के लिए कंबोडिया को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि थाईलैंड ने उकसावे और आक्रमण के बावजूद संयम बनाए रखा है। थाई स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संघर्ष के कारण सीमावर्ती चार प्रांतों के गांवों से 58,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। कंबोडिया के अधिकारियों के अनुसार उनके यहां 23,000 से ज्यादा लोगों को पलायन करना पड़ा है। संघर्ष में थाईलैंड में अब तक 19 और कंबोडिया में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। सीमा के प्राचीन ता मुएन थोम मंदिर क्षेत्र में भी झड़पें हुईं, जिस पर दोनों देश दावा करते हैं। स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है।

भारत ने कंबोडिया में अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

कंबोडिया में भारतीय दूतावास की ओर से जारी परामर्श में कहा गया है, “थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर जारी झड़पों को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इन सीमा क्षेत्रों की यात्रा करने से बचें। इसके साथ ही, दूतावास ने आपातकालीन स्थिति में संपर्क के लिए एक हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी साझा की है। भारतीय नागरिक किसी भी आपात स्थिति में दूतावास की हेल्पलाइन +855 92881676 पर संपर्क कर सकते हैं या cons.phnompenh@mea.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img
Webvarta Job Post Add