सऊदी अरब की नागरिकों को चेतावनी
रियाद, 28 मार्च (वेब वार्ता)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब ने अपने नागरिकों और वहां रह रहे लोगों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों से जुड़ी जानकारी को साझा करने में सावधानी बरतना जरूरी है।
वीडियो-फोटो शेयर करना हो सकता है अपराध
सरकार ने स्पष्ट किया है कि मिसाइलों को रोकने की प्रक्रिया या उनके गिरने की जगहों की फोटो और वीडियो लेना, उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करना या किसी के साथ साझा करना कानून के खिलाफ हो सकता है। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
सऊदी सरकार के अनुसार इस तरह की संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक होने से देश की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। इसलिए लोगों से जिम्मेदारी दिखाने और ऐसी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की गई है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव
क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
एयरबेस पर हमले की रिपोर्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर मिसाइल हमला किया, जिसमें अमेरिकी वायुसेना के कुछ विमान क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि उनकी मरम्मत की जा रही है और नुकसान का आकलन जारी है।
सतर्क रहने की अपील
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखा जा सके।



