गोरखपुर, 29 मार्च (वेब वार्ता)। भोजपुरी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक एवं अभिनेता पवन सिंह का नया धमाकेदार गाना ‘टचबडी’ गोरखपुर में भव्य तरीके से रिलीज किया गया। रिलीज के साथ ही यह गाना दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म डकैत: एक प्रेम कथा का यह बहुप्रतीक्षित गीत खास इसलिए भी है क्योंकि इसमें पवन सिंह के साथ मशहूर गायिका जॉनिता गांधी की आवाज़ भी सुनाई दे रही है। दोनों की जुगलबंदी ने इस गीत को और अधिक आकर्षक और ऊर्जा से भरपूर बना दिया है। गाने को हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में शूट और रिकॉर्ड किया गया है, जिससे इसकी पहुंच देशभर में बढ़ने की उम्मीद है।
पवन सिंह ने गाने को लेकर कहा कि उन्हें अपने संगीत में नए प्रयोग करना पसंद है। उन्होंने बताया कि जब फिल्म के मुख्य अभिनेता अदिवि शेष ने इस गाने का विचार साझा किया, तभी उन्होंने इसे अलग अंदाज और जोश के साथ प्रस्तुत करने का निर्णय लिया। उनके अनुसार, फिल्म की कहानी एक्शन और भावनाओं से भरपूर है, इसलिए गाने में भी उसी अनुरूप ऊर्जा और स्टाइल को शामिल किया गया है।
अदिवि शेष ने भी इस गीत को फिल्म का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि ‘टचबडी’ केवल एक गाना नहीं, बल्कि फिल्म की भावनात्मक गहराई और ऊर्जा को दर्शाने वाला विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही इस गीत को पैन इंडिया स्तर पर प्रभावशाली बनाने की योजना थी।
फिल्म का निर्देशन शनील ने किया है, जबकि निर्माण सुप्रिया यारलागड्डा ने अन्नपूर्णा स्टूडियो के बैनर तले किया है और सह-निर्माता सुनील नारंग हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को देशभर में रिलीज होने जा रही है, जिससे दर्शकों में पहले से ही उत्साह देखा जा रहा है।



