वेब वार्ता | नई दिल्ली. देश के दो दिग्गज उद्योगपति कर्ज से लदी एक कंपनी को खरीदने के लिए आमने-सामने आ गए हैं. अनिल अग्रवाल की अगुवाई वाले बिजनेस समूह वेदांता ग्रुप ने गौतम अडानी की अगुवाई वाले अडानी समूह के खिलाफ राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (NCLAT) में मामला दायर किया है. वेदांता ग्रुप ने हाल में अडानी समूह की ओर से कर्ज तले दबी कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स को नीलामी के जरिये हासिल करने को चुनौती दी है. अडानी समूह ने इस कंपनी को 14,535 करोड़ रुपये की बोली लगाकर हासिल किया था.
आपको बता दें यह लड़ाई अचानक नहीं शुरू हुई है, बल्कि अनिल अग्रवाल का वेदांता ग्रुप भी जेपी एसोसिएट्स को हासिल करने के लिए रेस में था. दोनों ही कारोबारी समूह दिवालिया प्रक्रिया के जरिये जेपी को हासिल करना चाहते थे, लेकिन कर्जदाताओं ने पिछले साल नवंबर में अडानी इंटरप्राइजेज की समाधान योजना को मंजूरी दे दी थी. बीते 17 मार्च को एनसीएलटी की इलाहाबाद बेंच ने अडानी इंटरप्राइजेज को 14,535 करोड़ रुपये में जेपी एसोसिएट्स को हासिल करने की मंजूरी दे दी थी.
जेपी ने रेगुलाइटरी फाइलिंग में दी थी जानकारी
जेपी एसोसिएट्स ने पिछले दिनों अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में भी बताया था कि एनसीएलटी की इलाहाबाद बेंच ने 17 मार्च को जारी आदेश में अडानी इंटरप्राइजेज लिमिटेड की समाधान योजना को मंजूरी दे दी है. वेदांता समूह ने अब एनसीएलटी के आदेश के खिलाफ अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील की है और अडानी समूह की ओर से जेपी एसोसिएट्स को हासिल किए जाने को चुनौती दी है. फिलहाल इसकी सुनवाई आज यानी सोमवार को दो सदस्यीय बेंच में हुई है. अनमुान है कि जल्द ही इसका फैसला सामने आ जाएगा.
अडानी समूह को मिले थे 89 फीसदी वोट
पिछले साल नवंबर में कर्जदाताओं की कमेटी ने गौतम अडानी की अगुवाई वाली कंपनी की समाधान योजना को स्वीकार करते हुए जेपी एसोसिएट्स को हासिल करने पर मंजूरी दे दी थी. अडानी इंटरप्राइजेज ने वेदांता और डालमिया भारत जैसी कंपनियों की बोली को पीछे छोड़ते हुए इस नीलामी को हासिल किया था. अडानी समूह को कर्जदाताओं की ओर से 89 फीसदी वोट मिले थे, जिसके बाद डालमिया सीमेंट और वेदांता समूह का नंबर आता था. अब जबकि अडानी समूह ने बोली हासिल कर ली है तो वेदांता ग्रुप इसे एनसीएलएटी में चुनौती दे रहा है.
जेपी पर कितने रुपये का लोन डिफॉल्ट
जेपी एसोसिएट्स ने रियल एस्टेट, सीमेंट उत्पादन, होटल, पॉवर और इंजीनियरिंग, निर्माण सहित कई सेक्टर में अपना बिजनेस फैसला रखा है और उसने जब जून, 2024 में समाधान योजना को स्वीकार किया था तो कंपनी पर करीब 57,185 करोड़ रुपये के लोन डिफॉल्ट का आरोप था. कंपनी ने ग्रेटर नोएडा में जेपी ग्रीन्स और नोएडा में जेपी ग्रीन्स विशटाउन नाम से दो बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट शुरू किए थे. इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट के पास जेपी इंटरनेशनल स्पोर्ट सिटी का भी निर्माण करा रहा है. कंपनी के पास दिल्ली-एनसीआर, मसूरी और आगरा में 5 होटल बनाने पर भी काम शुरू किया था. जेपी एसोसिएट्स ने एमपी, यूपी में सीमेंट के प्लांट भी लगाए हैं.







