लखनऊ, अजय कुमार | वेब वार्ता
CSIR–NBRI Flower Show:
सीएसआईआर–राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ में आज दो दिवसीय गुलाब एवं ग्लेडियोलस प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया। यह भव्य प्रदर्शनी संस्थान के वनस्पति उद्यान स्थित केंद्रीय लॉन में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से आई आकर्षक पुष्प किस्मों और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया है।
View this post on Instagram
प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति में
प्रदर्शनी का उद्घाटन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सीएसआईआर–सीडीआरआई, लखनऊ की निदेशिका डॉ. राधा रंगराजन तथा सीएसआईआर–एनबीआरआई के निदेशक डॉ. अजित कुमार शासनी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसे पुष्प विज्ञान और जन-जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रदर्शनी के संयोजक डॉ. के. जे. सिंह ने बताया कि गुलाब एवं ग्लेडियोलस प्रदर्शनी में कुल आठ वर्गों (A–H) में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इनमें कट फ्लॉवर, स्पेसिमन ब्लूम्स, पुष्प सज्जा, गमले में लगे पौधे तथा फोटोग्राफी जैसी श्रेणियां शामिल हैं।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न संस्थानों, नर्सरियों, व्यक्तिगत प्रतिभागियों, महिलाओं, मालियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी के अलग-अलग अनुभागों में हाइब्रिड टी, फ्लोरिबुंडा, पोलिएन्था, मिनिएचर गुलाब और ग्लेडियोलस की आकर्षक एवं दुर्लभ किस्में प्रदर्शित की गई हैं।
73 प्रदर्शकों से 510 प्रविष्टियां
इस वर्ष प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी, अर्द्ध-सरकारी विभागों, स्वायत्त संस्थाओं, नर्सरी संचालकों, व्यक्तिगत उत्पादकों, महिलाओं और मालियों से कुल 73 प्रदर्शकों की 510 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। यह आंकड़ा इस प्रदर्शनी की बढ़ती लोकप्रियता और जनभागीदारी को दर्शाता है।
प्रमुख विजेताओं की घोषणा
प्रदर्शनी प्रारम्भ होने से पूर्व विशिष्ट निर्णायकों द्वारा विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों के लिए निर्णय लिया गया। कुछ प्रमुख विजेता इस प्रकार हैं:
- सर्वश्रेष्ठ एचटी लाल गुलाब: श्रीमती रानी उपसम, होटल क्लार्क्स अवध, लखनऊ
- सर्वश्रेष्ठ एचटी दुरंगा/ब्लेंडेड गुलाब: श्रीमती रानी उपसम, होटल क्लार्क्स अवध, लखनऊ
- सर्वश्रेष्ठ एचटी धारीदार गुलाब: HOD, केमिकल डिपार्टमेंट, IIT BHU
- सर्वश्रेष्ठ एचटी गुलाबी गुलाब: प्रिंसिपल, CMS, स्टेशन रोड, लखनऊ
- सर्वश्रेष्ठ एचटी पीला गुलाब: श्रीमती रानी उपसम, होटल क्लार्क्स अवध, लखनऊ
- सर्वश्रेष्ठ एचटी सफेद गुलाब: HAL, अयोध्या रोड, लखनऊ
- सर्वश्रेष्ठ एचटी नारंगी गुलाब: HAL, अयोध्या रोड, लखनऊ
- सर्वश्रेष्ठ एचटी लैवेंडर-मॉव गुलाब: जनेश्वर मिश्र पार्क, LDA
- प्रदर्शनी की सर्वश्रेष्ठ ग्लेडियोलस स्पाइक: श्रीमती रेखा देवी, गीता पल्ली, आलमबाग
प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि समग्र उत्कृष्टता के लिए निदेशक ट्रॉफी और महानिदेशक ट्रॉफी भी दी जाएगी।
हर्बल उत्पाद, पर्यावरण जागरूकता और तकनीकी जानकारी
प्रदर्शनी के दौरान सीएसआईआर–एनबीआरआई द्वारा विकसित विभिन्न हर्बल उत्पादों, सूक्ष्मजैविक प्रौद्योगिकी और शोध नवाचारों को भी आम जनता के अवलोकनार्थ रखा गया है। साथ ही पौधे एवं पर्यावरण प्रदूषण, बोन्साई, संकटग्रस्त पौधों और कैक्टस प्रजातियों पर विशेष जानकारी दी जा रही है।
संस्थान में स्थापित ‘पौधे एवं प्रदूषण’ विषयक पर्यावरण जागरूकता, क्षमता निर्माण और आजीविका कार्यक्रम केंद्र द्वारा एक विशेष जागरूकता कॉर्नर भी लगाया गया है। इसके अतिरिक्त ग्लेडियोलस एवं गुलाब की कृषि से संबंधित तकनीकी जानकारी भी अलग से प्रदर्शित की जा रही है।
जनता के लिए समय और पुरस्कार वितरण
यह प्रदर्शनी 25 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। वहीं पुरस्कार वितरण समारोह 25 जनवरी 2026 को सायं 3 बजे आयोजित किया जाएगा।
📲 विज्ञान, पर्यावरण और लखनऊ की बड़ी खबरों के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें – Web Varta
ये भी पढ़ें: रालोद महिला संगठन ने लखनऊ में किया तहरी भोज का आयोजन





[…] ये भी पढ़ें: CSIR–NBRI में गुलाब एवं ग्लेडियोलस प्रदर्श… […]